रोहतक। गांधी कैंप बाजार में तार लटके हुए हैं। इतना ही नहीं इनके साथ ही इंटरनेट के तार भी नीचे लटके हुए हैं जिनसे यहां हादसा होने का डर है। वहीं, दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
उनका कहना है कि अगर कोई घटना हुई तो तंग रास्ते से दमकल गाड़ी भी नहीं पहुंच पाएगी। ऐसे में अनावश्यक तारों को हटाकर अन्य को व्यवस्थित किया जाए। उधर, लेबर चौक पर भी एक खंभे पर बहुत सारे तार लटक रहे हैं।
दो दिन पहले ही जब वे दुपहिया वाहन से घर जा रहे थे तो एक तार उनके गले में उलझ गया था। बिजली निगम को लटक रहे तारों को तुरंत ठीक करना चाहिए। -कृष्ण मल्होत्रा, दुकानदार।
गांधी कैंप बाजार और गलियों में बिजली और इंटरनेट के तार इतना नीचे हैं कि अगर चार पहिया वाहन यहां आ जाए तो निकलना मुश्किल है। तार टूटने पर बिजली गुल हो जाती है जिसे ठीक करने में घंटों इंतजार करना पड़ता है। -भारत भूषण भुटानी, गांधी कैंप।
खंभों पर बहुत सारे तार देखे जा सकते हैं। दो दिन पहले भी एक महिला तारों में उलझकर गिरते-गिरते बची है। गलियों में टेलीफोन के खंबे भी लगे हुए हैं। उन पर तार लटक रहे हैं। उन्हें हटाया जाना चाहिए। -निम्मी, गांधी कैंप।
बाजार में इंटरनेट के तारे खंभों पर लटके रहते हैं जो दुकानदारों, ग्राहकों व आमजन के लिए बहुत दिक्कत पैदा करते हैं। कई जगह पर यह तार बहुत नीचे हैं। यहां पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की गाड़ी को आने में दिक्कत होती है। -राधेश्याम ढल, पूर्व पार्षद।
गांधी कैंप में तार नीचे नहीं हैं बल्कि मार्केट के खंभों पर इंटरनेट के तार नीचे हैं। उनको काटने के आदेश दे दिए गए हैं। उनको जल्द ही काट दिया जाएगा। -रामेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम।
20-शहर के गांधी कैंप बाजार की गली में लटकते तार। संवाद- फोटो : Samvad