माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक। जनहित में करेंगे काम, काम का लेंगे पूरा दाम...नारों से शनिवार को लिपिकों का धरनास्थल गुंजायमान रहा। क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसाइटी संबंधित भारतीय मजदूर संघ के आदेश पर जिला वाइज 35400 की मांग को लेकर लघु सचिवालय पर 39वें दिन अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रही। क्रमिक भूख हड़ताल शनिवार को 22वें दिन जारी रही।
मंच पर आबकारी व कराधान विभाग के प्रांतीय प्रधान समीर सांगवान व उनकी टीम ने सोसायटी का समर्थन किया और भरोसा दिलाया कि उनकी टीम अधिकारों की लड़ाई में लिपिकीय वर्ग के साथ है। लिपिकीय वर्ग को हमसे जो भी सहयोग की अपेक्षा होगी उसमें हम खरे उतरते हुए उनका साथ देंगे। प्रधान समीर सांगवान ने बताया कि आपकी मांग जायज है और आपकी ये मांग सरकार को माननी ही पड़ेगी। हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान सुभाष पांचाल ने की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों के शिष्टमंडल व सोसायटी के साथ सकारात्मक माहौल में बातचीत हो चुकी है, लेकिन जब तक लिपिक वर्ग के हित में फैसला नहीं आता तब तक लिपिकीय वर्ग हड़ताल जारी रखेगा। बताया गया कि सरकार ने 16 या 17 अगस्त को वार्ता करने का वादा किया है और हल निकालने का भरोसा भी दिया है। यदि इस वार्ता से कोई हल नहीं निकलता तो पहले से ही रणनीति बनाकर तैयार रखी जाएगी और आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर शर्मिला हुड्डा, नीतू गर्ग, जगत सिंह नेहरा, ओमपाल सिंह, मंजीत, चन्द्र नम्बरदार, संदीप दांगी आदि ने मंच पर विचार रखे।