14-भाजपा के प्रांतीय कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते सहकारिता मंत्री डॉ
रोहतक। सरकार ने स्वास्थ्य को महत्व देते हुए बजट पहले से दो गुना किया है। पीजीआई में मरीजों के लिए दवा की कमी व स्टाफ के वेतन संबंधी समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। यह कहना है सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा का। वह मंगलवार दोपहर को सेक्टर 36 स्थित भाजपा के प्रांतीय कार्यालय मंगल कमल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत निजी अस्पतालों की राशि बकाया नहीं है। भुगतान से पहले दस्तावेज जांचे जाते हैं। इसमें समय लगता है। नियमानुसार राशि दी जाती है। सरकारी अस्पतालाें में भी इलाज की पूरी व्यवस्था है। किशोरियों की कैंसर से सुरक्षा के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही हैं। यह पूरी तरह सुरक्षित है। विरोध कोविड वैैक्सीन का भी हुआ था।
सुरक्षा के लिए महिला थाने बनाए जाएंगे। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जारी बजट से पीजीआई को भी राहत पहुंचेगी। इस मौके पर शमशेर खरक, पंकज भारद्वाज व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कैप्टन की कोठी मामले में बचते नजर आए मंत्री
कैप्टन की कोठी जलाने के मामले में भगौड़े आरोपी के लगाए आरोपों के सवाल पर सहकारिता मंत्री बचते नजर आए। उन्होंने कहा कि कोर्ट का फैसला है। इसमें कुछ नहीं कहना। जिसे दिक्कत है, वह आगे जा सकता है। फैसले से सहमत हैं या नहीं हैं, इस बारे में कैप्टन साहब ही बेहतर बता सकते हैं। आरोपियों को व्यक्ति विशेष से अपनी पैरवी नहीं किए जाने का आरोप है तो उन्हें कानूनी तरीके से आगे बढ़ना चाहिए।
मंगल कमल में होली मिलन समारोह मनाया
भाजपा के प्रांतीय कार्यालय मंगल कमल में भी होली मिलन समारोह मनाया गया। यहां पत्रकारों से बातचीत के बाद सहकारिता मंत्री ने भी समारोह में हिस्सा लिया व कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाओं के साथ प्रेम पूर्वक त्योहार मनाने का संदेश दिया। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर होली खेली।