गांव गढ़ी सराय नामदार खां में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। घरेलू विवाद से तंग आकर एक महिला ने आपा खो दिया और अपने पति पर ईंटों से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में पति-पत्नी के अलावा कोई और मौजूद नहीं था।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी पूनम और उसके पति सुरेश के बीच आए दिन घरेलू बातों को लेकर कहासुनी होती रहती थी। सोमवार सुबह भी दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर पूनम ने पास रखी ईंट उठाई और सुरेश पर लगातार प्रहार करने शुरू कर दिए। सिर और शरीर पर हुए गंभीर वारों के चलते सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पड़ोसी पहुंचे तो हो चुकी थी मौत
झगड़े की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे, लेकिन तब तक सुरेश की मौत हो चुकी थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शहर थाना पुलिस व एसीपी गोहाना टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।