रोहतक। शहर के बाबरा मोहल्ले में धोबी गेट के सामने घर के बाहर ताश खेलने से रोका तो एक युवक को चाकू मार दिया। पुरानी सब्जी मंडी थाने में दो सगे भाइयों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बाबरा मोहल्ले के धोबी गेट निवासी नरेंद्र ने दी शिकायत में बताया कि उसके घर के सामने कुछ लोग ताश खेलते हैं। उसने राजेंद्र को ताश खेलते समय गाली गलौज न करने पर समझाया। उससे कहा कि नहीं तो घर के बाहर ताश खेलना बंद कर दें। शनिवार शाम साढ़े सात बजे वह अपने घर आया तो देखा कि आरोपी उसके घर के बाहर ताश खेल रहे थे। उस समय तो वह चुपचाप चला गया, लेकिन रात करीब 11 बजे उसके बड़े भाई के पास फोन आया। इसके बाद बहाने से उसे बाहर बुला लिया। उसके भाई ने राजेंद्र को समझाते हुए घर से जाने के लिए कहा। वह भी आवाज सुनकर नीचे आ गया। इसी बीच राजेंद्र के भाई जगमोहन ने उसे पीछे से पकड़ लिया और राजेंद्र ने तेजधार चाकू से वार कर दिया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।