झज्जर। माछरौली थाने के तहत आने वाले एक गांव में बाइक सवार नाबालिग किशोर को हार्न देकर साइड मांगना महंगा पड़ गया। आगे चल रहे लोगों ने उसे रोककर उसके साथ मारपीट की। हालत यह हुई कि किशोर को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
किशोर ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह 9 मई को दोपहर बाइक पर सवार होकर गांव के सरकारी पशु अस्पताल के नजदीक बिजली की दुकान पर मोटर रिपेरिंग के रुपये देने गया था। जब वह वापिस आ रहा था तो उसकी मोटरसाईकिल के आगे गांव का व्यक्ति पवन उर्फ पिन्टु व उसका लड़का चल रहे थे। उसने कई बार हॉर्न बजाकर रास्ता लेना चाहा, लेकिन दोनों ने उसे रास्ता नहीं दिया। उसने जब आवाज लगाई तो भी उसे रास्ता नहीं दिया। जब वह नजदीक पहुंचा तो उन्होंने उसकी बाइक को रोक दिया। पवन ने उसकी गर्दन पकड़कर मुंह पर थप्पड़ मारे और उसका फोटो खींचने लगा। फिर दोबारा बाल पकड़कर उसे बुरी तरह पीटा व जान से मारने की धमकी दी। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ढाकला लेकर चले गए।