रोहतक। जिला प्रशासन की ओर से पांच अगस्त से जिम व योग संस्थान खोलने के आदेश के बाद जिम संचालकों ने नये सिरे से तैयारी शुरू कर दी है। मॉडल टाउन स्थित फिटनेस प्लैनेट के मालिक पंकज आनंद का कहना है कि कोरोना को देखते हुए सारी प्लानिंग कर ली गई है। उनके जिम में करीब तीन हजार वर्ग फुट ग्राउंड फ्लोर और ढाई हजार वर्ग फुट एरिया फर्स्ट फ्लोर पर है। इसलिए ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी। पहले ही मशीनों में चार-चार फुट की दूरी है, उसे और बढ़ाया जाएगा। पहले एक शिफ्ट में जितने लोग आते थे, उससे कम किया जाएगा। दस-दस लोगों को एक साथ एक्सरसाइज करवाई जाएगी। लोगों से पहले ही कह दिया जाएगा कि उन्हें 40 मिनट से एक घंटे का टाइम स्लॉट बुक करना होगा। मशीनरी को हर शिफ्ट के बाद सैनिटाइज करवाया जाएगा।
पंकज ने बताया कि जिम की एंट्री पर हैंड सैनिटाइजर लगा दिया गया है। हीट स्कैनर भी रहेगा, जिसका बॉडी टेंपरेचर ज्यादा मिला, उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मार्च से अब तक बंदी के कारण जिम संचालकों को काफी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। सारे स्टाफ को इतने माह वेतन दिया गया है, क्योंकि जिम का ट्रेंड स्टाफ बहुत मुश्किल से मिलता है।
सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक जिम खोलने की उठी मांग
रोहतक। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में 5 अगस्त से जिम खोलने की अनुमति दी गई है। इस बारे में जिम संचालकों ने जिम खोलने का समय सुबह पांच बजे से रात 10 बजे तक करने की मांग की है। क्योंकि सुबह 9 बजे तक वे लोग जिम में नहीं आ पाएंगे, जो नौकरी करते हैं। हालांकि कई जिम संचालकों की चिंता है कि कोरोना काल में साइक्लिंग का क्रेज बढ़ा है। साथ ही लोगों ने कसरत के लिए उपकरण भी खरीद लिए हैं, ऐसे में दोबारा लोगों को जिम तक लाना काफी कठिन रहेगा।
साढ़े चार माह से कारोबार बंद, अब भी ज्यादा उम्मीद नहीं
15 मार्च को जिला प्रशासन ने आर्डर जारी करके जिम बंद करवा दिए थे। अब जिला प्रशासन की ओर से पता चला है कि 5 अगस्त से जिम नियमों के दायरे में खुलेंगे। एक या दो दिन में सफाई करवाकर दोबारा से जिम चालू करेंगे। लेकिन बढ़ते साइक्लिंग के क्रेज व कोरोना को लेकर लोगों में मन में अब भी बहुत शंकाएं हैं। ऐसे में जल्द दोबारा कारोबार उठेगा, इसकी उम्मीद कम है।
- सोनू भटनागर, जिम संचालक इंदिरा मार्केट
रोजाना आ रहे लोगों के फोन, जिम के प्रति क्रेज नहीं होगा कम
कोरोना काल से पहले हर रोज सुबह से शाम तक 100 से ज्यादा लोग जिम में आते थे। इसमें सुबह 5 से 10 बजे तक महिला व पुरुष दोनों होते थे। जबकि 10 बजे से शाम 5 बजे तक केेवल महिलाओं के लिए समय रखा गया था। 5 से रात 10 बजे तक पुरुषों के लिए समय था। कोरोना काल में हर रोज 30 से 35 लोगों के फोन आते थे। जिम कब खोले जाएंगे। प्रशासन से मांग है कि जिम का समय पहले की तरह सुबह 5 से रात 10 बजे तय किया जाए।
- वीरेंद्र दलाल, मेडिकल मोड़ स्थित हेल्थ क्लब संचालक