17 सफीदों 1पुराना गांव सिवाना माल में बनाया गया बूस्टर। संवाद
सफीदों। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे सात गांवों के हजारों लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। गांव बागड़ू कलां में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किया गया जलघर अब जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू करेगा। जलघर का निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और पंपसेट का परीक्षण पूरा होने के बाद अब सभी सात गांवों में बूस्टर भवनों का निर्माण भी कर लिया गया है।
विभाग की ओर से बूस्टरों पर कर्मचारियों की तैनाती की प्रक्रिया की जा रही है। इसके पूरा होते ही गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। गर्मी के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है।
कई परिवारों की महिलाओं को खेतों और दूसरे जलस्रोतों से पानी लाना पड़ता है। ग्रामीण कुलदीप, राजपाल, हरिदास और हरज्ञान ने बताया कि जलघर का निर्माण पूरा होने के बाद उन्हें उम्मीद जगी है कि अब पेयजल समस्या से छुटकारा मिलेगा। हालांकि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद अभी तक घरों में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई है। अब बूस्टरों का निर्माण पूरा होने से जल्द आपूर्ति शुरू होने की आस बंधी है।