रोहतक। शहर के जलघरों की सफाई का काम एक दिन पहले शुरू ही हुआ है कि कांग्रेस और भाजपाइयों के बीच श्रेय लेने की होड़ लग गई है। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा का कहना है कि उन्होंने विधानसभा सचिव के माध्यम से सरकार और मंत्री से पूछा था कि आखिर रोहतक शहर में जलघरों के टैंकों की सफाई का टेंडर दिए तीन माह हो गए। अब तक काम क्यों नहीं शुरू हुआ। सत्र शुरू होने से पहले ही जिला प्रशासन ने शनिवार को टैंकों की सफाई का काम शुरू करवा दिया, ताकि विधानसभा में जवाब न देना पड़े। उधर, भाजपा पार्षदों का कहना है कि कांग्रेस विधायक शहरवासियों के सामने गलत तथ्य न रखें। जलघरों के टैंकों की सफाई का टेंडर विस चुनाव से पहले हो गया था।
विधायक भारत भूषण बतरा का कहना है कि प्रदेश सरकार अपनी नाकामियों के चलते विधानसभा में कांग्रेस द्वारा उठाए गए प्रश्नों से बचती हुई दिखाई दे रही है, जो इस बात को स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार हर मुद्दे पर असफल साबित हुई है। यह आरोप कांग्रेस पार्षद गुलशन ईश पुनियानी, कदम सिंह अहलावत, पूर्व डिप्टी मेयर अशोक भाटी, पूर्व पार्षद नोरता मल भटनागर, संजय सैनी एवं संजय दलाल ने एक संयुक्त प्रेस बयान जारी कर लगाया है। कांग्रेस पार्षदों ने कहा पिछले 5 सालों से रोहतक में पीने के साफ पानी की समस्या एक गंभीर रूप धारण कर चुकी है। और सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। नवंबर 2019 में रोहतक से मौजूदा विधायक भारत भूषण बतरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर समस्या से अवगत करवाया, लेकिन उसके बावजूद किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की गई। जैसे ही बतरा द्वारा आगामी विधानसभा सत्र के लिए पेयजल की समस्या से संबंधित प्रश्नों को सदन में उठाने हेतु विधानसभा सचिवालय को भेजा, जिसमें डीसिल्टिंग के काम के टेंडर, उसकी कार्यप्रणाली और टैंकों की क्षमता के संबंधित पूछा गया था। इसके बाद इन प्रश्नों के उत्तर के लिए संबधित विभागों को पत्र भेजा गया तो सरकार में हलचल हुई और सदन में विभाग की फजीहत से बचने हेतु आनन-फानन में डीसिल्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी, लेकिन इस बात का जवाब किसी के पास नहीं है कि यह कार्य तीन दिन पहले क्यों नहीं किया गया। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी काम में व्यर्थ की देरी ना की जाए और लापरवाह अधिकारियों पर लगाम कसी जाए अन्यथा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक विरोध प्रदर्शन को मजबूर हो जाएगी।
शहरवासियों को गुमराह न करें कांग्रेसी : भाजपा पार्षद
उधर, भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस के विधायक भारत भूषण बतरा पर झूठे तथ्य लोगों के सामने रखने का आरोप लगाया है। मीडिया को जारी बयान में पार्षद अशोक खुराना, राजकमल सहगल, सुरेश किराड़, मुक्ता नागपाल, डिंपल जैन व गीता ने कहा कि रोहतक के जल घरों की सफाई करवाने का रोडमैप और टेंडर विस चुनाव से पहले ही शुरू हो गया था। चुनाव खत्म होने के बाद जब आचार संहिता हटी तो टेंडर की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। जिस कंपनी को यह काम अलॉट हुआ है, उसे नवंबर माह में जल घरों की सफाई का काम अलॉट हुआ था। इसके बाद संबंधित नगर निगम, नहरी विभाग और पब्लिक हेल्थ विभाग के साथ तालमेल बिठाते हुए इस काम को शुरू किया है। भाजपा पार्षदों ने कहा कि रोहतक से कांग्रेस के विधायक झूठा श्रेय न लें। भाजपा पार्षदों ने कहा कि सोनीपत स्टैंड, झज्जर रोड और हिसार रोड के जलघरों की सफाई का काम होगा। हिसार रोड क्षेत्र में रहने वाले हजारों लोगों के लिए पीने की नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। पार्षदों ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब इन जलघरों की सफाई करवाने की याद कांग्रेसियों को नहीं आई, लेकिन जल घरों की सफाई का काम भी भाजपा सरकार में ही शुरू हुआ है।