संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक/लाखनमाजरा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बीएलओ को कठिनाइयों को सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ मतदाता मकान पर नहीं मिल रहे हैं तो दूसरी तरफ प्रशासन की ओर से काम को जल्द करने का दबाव बनाया जा रहा है।
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में मतदाताओं का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। मतदाता अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं जिससे दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है। बार-बार घर जाने के बावजूद मतदाता आधार पत्र की तस्वीर और पासपोर्ट आकार की तस्वीर उपलब्ध नहीं करा रहे हैं।
लाखन माजरा क्षेत्र से रामरती देवी ने बताया कि मतदाताओं से जल्द से जल्द अपने प्रपत्र जमा कराने का आग्रह करते हैं। कई बार मतदाता अधिकारियों से शाम को आने के लिए कहते हैं। जब शाम को उनके घर पहुंचते हैं तो उन्हें दस्तावेज नहीं मिलते हैं। मतदाता अक्सर बहाने बनाते हैं। रामरती देवी ने बताया कि वे कई घरों में आठ से दस बार जा चुकी हैं पर उनको मायूस लौटना पड़ता है।
-
बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। यदि किसी मतदाता तक अभी तक बीएलओ नहीं पहुंचा है तो वह स्वयं अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फॉर्म भर सकता है। मतदाता समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म भरें। अपने मताधिकार को सुरक्षित रखें। -सचिन गुप्ता, उपायुक्त।
-
अधिकारियों की ओर से बीएलओ पर काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। बीएलए सहयोग नहीं कर रहे हैं। अधिकारी कह रहे हैं कि जल्दी काम करो। छुट्टी के बाद भी काम करना पड़ रहा है। इससे बीएलओ मानसिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। -राजीव दलाल, जिला प्रधान, हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन।
मुझ पर रिपोर्ट तैयार करने का ज्यादा दबाव बनाया जा रहा है। संबंधित बीएलए अपना काम नहीं कर रहा है। उसका काम भी करना पड़ रहा है। अधिकारियों की ओर से बार-बार फोन करके डाट फटकार कर मानसिक दबाव बनाया जा रहा है जबकि अपनी निर्धारित ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी से कर रही हूं। -संतोष, आंगनबाड़ी वर्कर।