संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। विश्वकर्मा शिक्षण संस्था के कॉलेजियम का चुनाव रविवार को विश्वकर्मा पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जाएगा। 36 कॉलेजियम सीटों के लिए 74 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा जिसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
चुनाव अधिकारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि संस्था में कुल 3,266 मतदाता हैं और कुल 120 कॉलेजियम बनाए गए हैं। इनमें से 84 कॉलेजियम में एकल आवेदन आने के कारण उम्मीदवारों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया है। अब 36 वार्डों में मुकाबला होगा। इन 36 वार्डों में 74 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें दो वार्डों में 3-3 उम्मीदवार हैं जबकि शेष वार्डों में सीधा मुकाबला है।
राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 36 वार्डों के लिए 9 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक वार्ड में 28 से 30 वोटर हैं और हर बूथ पर 4-4 वार्ड की पोलिंग होगी। चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराया जाएगा जिस पर स्टैंप लगाकर मतपेटी में डालना होगा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहेगा। एसपी ऑफिस और शिवाजी कॉलोनी थाना की टीम ने शनिवार को निरीक्षण किया।