20 : नेकीराम कॉलेज में अंतर महाविद्यालय की फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम। स्रोत: एमडीयू
रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में वैश्य महिला महाविद्यालय रोहतक विजेता बना। पं. नेकी राम शर्मा राजकीय महाविद्यालय में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में वैश्य महिला महाविद्यालय ने महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय को 2-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के खेल निदेशक कुलताज सिंह समापन समारोह में मुख्य अतिथि रहे।
इस खेल प्रतियोगिता में तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में टीकाराम गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत ने राजकीय महाविद्यालय, बादली को 2-0 से पराजित किया। फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें वैश्य महिला महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, रणनीति और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। महारानी किशोरी जाट कन्या महाविद्यालय की टीम उपविजेता रही।
मुख्य अतिथि खेल निदेशक कुलताज सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल भी आयोजित किए गए, जिनमें प्रदर्शन, तकनीकी दक्षता और फिटनेस के आधार पर 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया। समापन समारोह में डॉ. धर्मेंद्र कादयान, रोबिन, राहुल गिल, सुरेश, रमेश सिंधु, डॉ. परवीन धायल और सतीश मौजूद रहे।