बाबा मस्तनाथ इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की परीक्षा दे रहा वैश्य कॉलेज का छात्र उत्तर पुस्तिका लेकर भाग निकला। परीक्षा के बाद जब कॉपी गिनी गई तो वारदात की भनक लगी। प्राचार्य ने छात्र के खिलाफ अर्बन एस्टेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मामला शनिवार दोपहर का है। बाबा मस्तनाथ इंजीनियरिंग कॉलेज में दो से पांच बजे तक बीटेक की परीक्षा हुई। यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से पेपर लेट पहुंचे, जिस कारण दर्जन भर परीक्षार्थियों को 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया था। इन परीक्षार्थियों में ही बीटेक पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा दे रहा वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज का एक छात्र भी था।
प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने थाने में दी गई शिकायत में बताया कि जिस समय उत्तर पुस्तिका ली जा रही थी, उसी समय छात्र जितेंद्र उत्तर पुस्तिका लेकर वहां से निकल गया, जिसका बाद में पता चला। इस पर छात्र को फोन किया गया, लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया और वापस उन पर दबाव देने लगा कि उत्तर पुस्तिका जमा कराई है।
प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज में हड़ताल के चलते बाबा मस्तनाथ इंजीनियरिंग कॉलेज में केंद्र बनाया गया है।