रोहतक। सूर्य नगर की उर्मिला उर्फ रीमा की हत्या के आरोपी हिसार जिले के गांव उमरा निवासी विनोद को पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी विनोद ने खुलासा किया कि उर्मिला फोन करके परिजनों को गालियां देती थी। वारदात से पहले उसकी 20 साल की भतीजी को अपशब्द कह रही थी, इसलिए गुस्से में गला दबाकर हत्या कर दी थी।
सूर्य नगर निवासी संतोष ने सिटी थाने में दर्ज एफआईआर में कहा कि उसने एक मकान 40 वर्षीय उर्मिला को किराये पर दिया हुआ था। 1 अक्तूबर को जब वह मकान पर गई तो उर्मिला को आवाज दी। अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो जाकर देखा तो बेड पर उर्मिला का शव पड़ा था।
एफएसएल एक्सपर्ट ने बताया कि उर्मिला की गला दबाकर हत्या की गई है। संतोष ने विनोद पर शक जताया जो कई दिन से उर्मिला के पास आ रहा था। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक पर हुई थी दोस्ती
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उर्मिला से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह अक्सर उर्मिला से उसके मकान पर मिलने आता था। काम में व्यस्त होने के कारण कई दिन से नहीं आया तो उर्मिला ने उसे फोन करके गाली देनी शुरू कर दी। इससे परेशान होकर उसने उर्मिला का नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था।
उर्मिला ने उसके परिवार वालों को फोन करके गाली देना शुरू कर दिया। इसके बाद वह बुधवार की रात उर्मिला से बात करने के लिए उसके घर आया। उसी समय भतीजी ने उसके पास फोन किया। उर्मिला ने उसकी भतीजी के साथ गाली-गलौज की। इसकी कारण गुस्से में आकर विनोद ने गला दबाकर उर्मिला की हत्या कर दी।
वर्जन
आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उर्मिला अक्सर उसके परिवार को फोन कर गाली दिया करती थी। इसके कारण उसने उसकी हत्या कर दी।
- रमेश कुमार, शहर थाना प्रभारी