रोहतक। शहर के मेडिकल मोड़ पर शुक्रवार की रात को चोर निर्माणाधीन दुकान में लगी बल्लियों के सहारे दवा की दुकान की तीसरी मंजिल पर चढ़े और फाइबर सीट तोड़कर पांच लाख रुपये की नकदी निकाल कर ले गए। इस संबंध में दवा विक्रेता ने सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया है। वहीं, भिवानी रोड पर डोभ गांव के खेत व सोनीपत रोड स्थित हुमायूंपुर गांव में भी चोरी की वारदात हुई है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर एक निवासी त्रिलोकचंद गुप्ता ने दी शिकायत में बताया कि उसकी मेडिकल मोड़ पर दवाइयों की दुकान है। शुक्रवार की रात करीब नौ बजे सेल्समैन दुकान बढ़ाकर चले गए। शनिवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे सेल्समैन हैप्पी व राकेश ने दुकान खोली तो काउंटर पर बना गल्ला टूटा मिला। उन्होंने मामले की सूचना उसे दी। वह मौके पर पहुंचा तो गल्ले से पांच लाख रुपये गायब मिले।
तीसरी मंजिल की फाइबर सीट टूटी मिली
दवा विक्रेता ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में एक दुकान का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए बल्लियां लगाई गई हैं। उसे शक है कि चोर बल्लियों के सहारे तीसरी मंजिल तक पहुंचे और फाइबर सीट तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद गल्ला तोड़कर पांच लाख की नकदी निकाल कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हुमायूंपुर में मकान का ताला तोड़कर चोरी
सोनीपत रोड स्थित हुमायूंपुर गांव में चोर एक मकान का ताला तोड़कर 50 हजार की नकदी व जेवरात निकाल कर ले गए। इस संबंध में आईएमटी थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक हुमायूंपुर निवासी अशोक कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। वह ड्यूटी पर चला गया। रात को घर नहीं आया। शुक्रवार को सुबह घर आया तो मकान का ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोर 50 हजार रुपये की नकदी, जेवरात व अन्य सामान निकाल कर ले गए। जेवरात में क्या-क्या चोरी हुआ है, उसकी पत्नी के मायके से आने के बाद ही पता चलेगा।
भाजपा नेता के खेत से नलका उखाड़कर ले गए चोर
वहीं, भाजपा नेता जोगेंद्र सैनी के खेत से चोर हैंडपंप उखाड़कर ले गए। सैनी ने इस संबंध में बहु अकबरपुर थाने में केस दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक डीएलएफ कॉलोनी निवासी जोगेंद्र सैनी ने दी शिकायत में बताया कि उसने भिवानी रोड पर डोभ गांव के पास दो एकड़ जमीन खेतीबाड़ी के लिए ले रखी है। वहां पर उसने सिंचाई के लिए नलका लगाया था। नौ मार्च की चोर नलका उखाड़कर ले गए।
वर्जन-
जो फुटेज मिली है, उसमें युवक साफ नजर नहीं आ रहे। दूसरे कैमरों की जांच पड़ताल कर रहे हैं।
- कपिल कुमार, इंचार्ज माडल टाउन पुलिस चौकी