रोहतक। एक तरफ त्यौहारी सीजन सिर पर है, लेकिन नगर निगम कोरोना काल के बावजूद शहरवासियों को पार्किंग नहीं दे सका है। न ही ट्रैफिक पुलिस का कोई प्लान सामने आया है कि कैसे सीजन में यातायात व्यवस्था रहेगी। मंगलवार को कोर्ट परिसर के बाहर ठेकेदार ने जब क्रेन से वकील की गाड़ी उठाई तो हंगामा हो गया। वकीलों ने ठेकेदार को जब्त कर कोर्ट परिसर के अंदर खड़ा कर दिया। क्रेन छुड़वाने गई पुलिस को भी बैरंग लौटना पड़ा। अब बुधवार को वकीलों की प्रधान की अध्यक्षता में बैठक होगी, जिसमें मामले को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
जिला बार प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो ने बताया कि नियमों के तहत नो पार्किंग जोन में चालान मोटर व्हीहल एक्ट के तहत काटा जाता है। इतना ही नहीं, चालान काटने से पहले पुलिस द्वारा बकायदा वाहन चालकों को बताया जाता है कि यहां गाड़ी खड़ी न करें, लेकिन नगर निगम के नाम पर शहर में सरेआम वाहन चालकों से वसूली हो रही है। जिला बार के वकील संदीप राठी की कार कोर्ट के गेट नंबर 4 के पास खड़ी थी। ठेकेदार एक पुलिसकर्मी के साथ क्रेन लेकर आया और गाड़ी उठाकर जाने लगा। जब वकील ने विरोध किया तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की सूचना पाकर दर्जनों वकील एकत्रित हो गए। क्रेन को जिला बार हाल के सामने कोर्ट परिसर में ले जाया गया। ठेकेदार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मामले की सूचना पाकर आर्य नगर थाने के उप प्रभारी जयभगवान मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि वकीलों ने तय किया कि मामले को लेकर बुधवार को वकीलों की बैठक होगी। उसमें तय किया जाएगा कि क्रेन का क्या करना है।
---
किला रोड की सुध ले ठेकेदार, वकीलों के वाहन क्यों उठा रहा
प्रशासन ने शहर के किला रोड को नो पार्किंग जोन घोषित किया था, लेकिन ठेकेदार किला रोड सहित दूसरे बाजारों में तो नो पार्किंग जोन में खड़े होने वाले वाहन उठाता नहीं, नजदीक एरिया मानकर कोर्ट परिसर के आसपास के वाहन उठा रहा है। इतना ही नहीं, नो पार्किंग जोन में वाहन का मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटा जा सकता है, लेकिन ठेकेदार नगर निगम के नाम पर 500 रुपये की रसीद काट रहा है। ऐसी गड़बड़ी नहीं चलने देंगे। जरूरत पड़ी तो अदालत में जनहित याचिका दायर की जाएगी। मामले के लेकर बुधवार को 11 बजे वकीलों की बैठक होगी।
-लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो, प्रधान जिला बार एसोसिएशन
--
ये उठाए वकीलों ने सवाल
: नियमों के तहत पहले प्रशासन नो पार्किंग एरिया तय करे। अगर कोर्ट परिसर के बाहर का एरिया नो पार्किंग तो 10 रुपये की रसीद क्यों काटी जा रही।
: नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन को ट्रैफिक पुलिस जब्त कर सकती है। ठेकेदार को किसने यह अधिकार दिया।
: ठेकेदार नगर निगम के नाम पर 500 रुपये की रसीद काट रहा है। क्या ठेकेदार निगम का अधिकारी या कर्मचारी है। उसे क्या निगम प्रशासन ने यह अधिकारी लिखित तौर पर दिया है।
: वकील की गाड़ी जब्त करने के बाद क्षतिग्रस्त भी कर दिया। जब सवाल किया तो अभद्र व्यवहार किया।
: कोरोना काल में तत्कालीन डीसी आरएस वर्मा ने किला रोड सहित तंग बाजारों को नो पार्किंग जोन घोषित किया था। नगर निगम, पुलिस या ठेकेदार बताए, किला रोड से कितने वाहन अब तक जब्त किए। जहां वास्तव में आम लोगों रास्ता न होने से परेशान हैं।
----
ठेकेदार को पहले भी हिदायत दी थी कि वह नगर निगम के नाम से 500 रुपये की रसीद न काटे। ठेकेदार अपने नाम से रसीद बुक बनवाए। अगर निगम के नाम से रसीद काटी गई है तो निगम भी जांच पड़ताल करेगा।
-सुरेंद्र गोयल, एलओ नगर निगम
---
मेरे साथ न केवल ठेकेदार की ओर से अभद्र व्यवहार किया गया, बल्कि गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया है। मैंने बार एसोसिएशन के प्रधान लोकेंद्र फौगाट के पास शिकायत दी है। अगर गाड़ी नो पार्किंग जोन में थी तो 10 रुपये की रसीद क्यों काटी जा रही है। अब वकील बुधवार को बैठक करके तय करेंगे मामले में क्या कदम उठाया जाए।
-एडवोकेट संदीप राठी, जिला बार
विवाद को निपटाने के लिए वकीलों से बात करते आर्यनगर थाने के सहायक थाना प्रभारी जयभगवान।- फोटो : RohtakCity