रोहतक। आर्य नगर थाना क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक में एक ठग फर्जी ग्राहक बन कर चेक लगा कर 1.75 लाख रुपये नगद निकलवा कर ले गया। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब असली ग्राहक बैंक में आया और उसके खाते से निकले रुपये के बारे में पूछने लगा। ब्रांच हेड ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ठग की तलाश शुरू कर दी है।
आर्य नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में यूनियन बैैंक के ब्रांच हेड ने बताया कि 5 अक्तूबर की सुबह करीब 11 बजे एक शख्स राजबीर नाम का ग्राहक बन कर आया। शख्स ने एक चेक लगाकर 1.75 लाख रुपये निकलवाने का फार्म भरा। चेक पर उक्त शख्स ने असली ग्राहक के हु-ब-हु साइन किए हुए थे। जिसे देखने के बाद कर्मचारियों ने चेक को पास कर दिया। इसके बाद ठग कैश काउंटर से 1.75 लाख रुपये लेकर चला गया। इसके बारे में तब खुलासा हुआ जब असली ग्राहक राजबीर वहां आया। उसके आने के बाद सीसीटीवी फुटेज देखी गई। जिसमें उक्त शख्स रुपये निकलवाता दिखाई दिया।