हरियाणा के रोहतक शहर की संजय कॉलोनी में एक धार्मिक स्थल में प्रार्थना सभा को लेकर गुरुवार को हंगामा हो गया। हिंदू संगठनों का आरोप है कि प्रार्थना सभा में गरीब लोगों को बहकाकर धर्म परिवर्तन करवाया जा रहा है। सैकड़ों की भीड़ धार्मिक स्थल के बाहर एकत्रित हो गई। डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने न केवल भीड़ को खदेड़ा, बल्कि प्रार्थना सभा के लिए एकत्रित सैकड़ों लोगों को गलियों के रास्ते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। देर रात तक धार्मिक स्थल के बाहर पुलिस तैनात थी। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि कोई धर्म परिवर्तन नहीं हो रहा था। गलतफहमी के चलते विवाद हुआ, जो अब पूरी तरह शांत है।
प्रार्थना सभा स्थल की तरफ से पुलिस को बताया कि यहां पर किसी तरह का प्रलोभन नहीं दिया जाता। लोग मर्जी से आते हैं। धर्म परिवर्तन के बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।
शहर में चार-पांच जगह धर्म विशेष के स्थल बने हुए हैं। सहायता के नाम पर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जाता है। अगर कोई इच्छा से धर्म बदले तो उनको कोई आपत्ति नहीं, लेकिन प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करवाना गलत है। वीरवार को मैं दिल्ली गया हुआ था। विवाद का मुझे पता नहीं। - विजय चुघ, विहिप नेता
गलतफहमी के चलते विवाद हुआ। किसी तरह का धर्म परिवर्तन करवाने जैसी कोई बात सामने नहीं आई। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है। पूरी तरह अब शांति है। - डॉक्टर रवींद्र, डीएसपी