न्यू चिन्योट और चिन्योट कॉलोनी एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के अंडरपास का निरीक्षण करते पूर्व मंत्री मन
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का अंडरपास शुक्रवार से चालू हो गया है। इससे करीब 1500 परिवार का न्यू चिन्योट और चिन्योट कॉलोनी के बीच आवागमन सुगम हो गया है। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार और निगम आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने अंडरपास को आवागमन करके शुरू किया। जल्द ही निगम कच्चे रास्ते को पक्का कराएगा।
रोहतक-पानीपत एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के नीचे न्यू चिन्योट और चिन्योट कॉलोनी का अंडरपास बंद था, जिससे लोगों को जान खतरे में डालकर एलिवेटेड रेलवे ट्रैक से आवागमन करना पड़ रहा था। समस्या से जूझ रहे लोगों में काफी रोष व्याप्त था, जिसकी जानकारी पर विगत दिनों पूर्व मंत्री और उपायुक्त ने मौका मुआयना करके जल्द अंडरपास चालू कराने का भरोसा दिया था। इसके चलते निगम ने टीमों ने सड़क की खुदाई कराकर ढलाना बनाया और फिर अंडरपास में भरा मलबा साफ किया। शुक्रवार की दोपहर करीब सवा दो बजे पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार और निगम आयुक्त डॉ. नरहरि बांगड़ ने अंडरपास को आवागमन करके चालू किया।
इस मौके पर पूर्व मंत्री ने कहा कि प्रशासन ने तेजी से काम करके अंडरपास चालू किया है। इससे आसपास के हजारों लोगों को काफी सहूलियत होगी। आने वाले दिनों में पक्की सड़क बनाने का काम शुरू होगा। उपायुक्त कैप्टन और नगर निगम आयुक्त ने संयुक्त रूप से कहा कि अंडरपास चालू होने से अब लोगों को काफी सहूलियत होगी। जल्द ही पक्का रास्ता बनाया जाएगा। एलिवेटेड रेलवे लाइन के नीचे सेक्टर पांच और छह के बीच में बनाया अंडरपास भी चालू हो गया है। अंडरपास चालू होने से सेक्टर के लोगों ने राहत की सांस ली है। अब वाहनों का आवागमन भी शुरू हो जाएगा।