रोहतक में रविवार देर रात जींद रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो फल विक्रेताओं की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक अपनी रेहड़ी पर फल बेचने के बाद पैदल घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
मृतकों की पहचान बाबरा मोहल्ला निवासी देवेंद्र और शोरा कोठी निवासी कृष्ण के रूप में हुई। घायलों में विकास और रवि शामिल हैं। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।