गुढ़ान मोड़ स्थित छात्रों के दो गुटों में कहासुनी को लेकर मारपीट की सीसीटीवी फुटेज।
- फोटो : RohtakCity
गुढ़ान मोड़ पर छात्रों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। आपसी कहासुनी को लेकर हुए झगड़े में नौबत मारपीट की बन गई। झगड़े में तीन युवक घायल हो गए। उनको इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में गुढ़ान निवासी सचिन ने कहा कि वह बस के इंतजार में खड़ा था। बस आई पर भीड़ अधिक होने के कारण वह चढ़ नहीं पाया। इसके चलते कलानौर तक बाइक पर गया। साथ में संदीप व जसवीर भी थे। कलानौर में बस में चढ़ने लगे तो कटेसरा के लड़कों ने गाली-गलौज व मारपीट की। रॉड व बिंडो से पीटा। मारपीट करने वालों ने सचिन के सिर में रॉड मारी, जिससे वह बेहोश हो गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 30 लड़कों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष की तरफ से भी पुलिस में शिकायत दी गई है। कटेसरा निवासी कर्मबीर ने कहा कि वह सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए रोडवेज बस से जा रहा था। इस दौरान गुढ़ान में बस पहुंची तो उसके गांव वालों के साथ कुछ लोगों का झगड़ा हो गया। झगड़ा उस समय सुलझ गया। बाद में जब वह कलानौर चमेली मार्केट पहुंचा तो पीछे से गुढ़ान के कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर आ गए और उस पर हमला कर दिया। इन्होंने जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। -निकेश अहलावत, प्रभारी, कलानौर चौकी।