महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में छात्र विक्की पर हमला करने के दो आरोपी छात्रों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दो साल पहले मारपीट की घटना का बदला लेने की नीयत से हमला किया था। वह अकसर छात्रों से उनकी पिटाई की बात कहता था और इसी बात से नाराज होकर हमला किया है। इसमें 10 युवक शामिल हैं और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
सीआईए-दो के प्रभारी सतीश कादियान ने बताया कि खेड़ी साध निवासी विक्की ने पुलिस को बताया कि बीते सोमवार को वह एमडीयू में अपने दोस्त हितेष के साथ चाय पीने के लिए गया था। इसी दौरान स्काॅर्पियो और थार में सवार होकर 10 युवक आए। इनमें अंशुल, रोबिन मलिक, देव, लव मलिक, राहुल सहरावत समेत अन्य ने जान लेने की नीयत से फायरिंग कर दी। हालांकि, किसी तरह भागकर उसने हॉस्टल में छुपकर जान बचाई। इस मामले में सीआईए दो टीम ने खरावड़ निवासी देव और मोखरा निवासी रोबिन मलिक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह था प्रकरण
छात्र विक्की ने बताया कि दो साल पहले प्रदीप मोटा व अंशुल के साथ कहासुनी हुई थी। हालांकि, कुछ दोस्तों ने इस मामले में समझौता करा दिया था। मगर अब जो हमला हुआ है, वह उसी विवाद का नतीजा है। वहीं, दूसरे पक्ष के पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि विक्की ने उनके दोस्तों के साथ मारपीट की थी और इसी बात को वह अकसर छात्रों के बीच में कहता है और सबक सिखाने के लिए फायरिंग की गई थी।