रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में बुधवार से एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण पखवाड़े की शुरुआत की गई। इस अभियान की शुरुआत में यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल में बच्चों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधरोपण किया।
स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स के कुलपति डाॅ. अमित आर्य ने बतौर मुख्य अतिथि इस पौधरोपण पखवाड़े का प्रारंभ किया। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं बल्कि हमारे जीवन के प्रत्येक पहलू में आवश्यक हैं। कुलपति ने कहा कि यह अनूठी पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक और भावनात्मक जुड़ाव को भी मजबूत करती है।
विशिष्ट अतिथि डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. हरीश कुमार ने कहा कि पेड़ लगाना केवल एक प्रतीकात्मक कार्य नहीं बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण का निर्माण है। यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल की निदेशिका प्रो. सुनीता सैनी ने कहा कि कैंपस स्कूल के विद्यार्थी व स्टाफ इस अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।