महम। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से कई गांवों की सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं हैं। खेतों में जलभराव से धान की खेती पर खतरा मंडराने लगा है। बहलबा, भैणी सुरजन और भैणी भैरो में मुख्य रूप से जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
बहलबा के किसान विकास, विनय अहलावत, सतपाल, सुनील, राहुल, आर्यन, राजबीर, सतबीर, कश्मीर ने बताया कि गांव के पेट्रोल पंप के सामने, महम बेरी रोड, कलंद वाला हेर, भून वाला हेर और अन्य क्षेत्र में लगभग 4 फीट पानी भरा है।
गांव के कुल 10 प्रतिशत क्षेत्र में ही अभी तक धान की रोपाई हो पाई है। बाकी में पानी की अधिकता के कारण रोपाई बाधित है। पहले ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वहां पर पाइप लाइन बिछाने की मांग की गई थी लेकिन अधिकारियों ने इस पर गौर नहीं किया। किसानों ने खेतों से पानी निकालने के लिए विभाग से गुहार लगाई है।