आयुष्मान योजना के लिए बैठक में पहुंची आईएमए की अध्यक्ष डॉ. आरती साहु व अन्य सदस्य। स्रोत : आईएम
रोहतक। जिले के निजी चिकित्सकों ने बुधवार को आईएमए के बैनर तले आईएमए हाउस में बैठक की। इसका मुख्य एजेंडा आयुष्मान सेवाओं के चल रहे निलंबन पर विचार करना था। सर्वसम्मति से आईएमए ने 26 अगस्त तक आयुष्मान से जुड़ी सेवाएं निलंबित रखने का फैसला लिया।
एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. आरती साहू ने कहा कि आयुष्मान के कार्यों को स्थगित किए 15 दिन हो चुके हैं मगर सरकार अब तक कोई ठोस पहल नहीं की है। इस गंभीर विषय पर सरकार की चुप्पी और उदासीनता चिंता का विषय है। चिकित्सक सरकार से आग्रह करते हैं कि इस विषय को प्राथमिकता के साथ संज्ञान में लेते जल्द ठोस समाधान करे।
इस मौके पर सचिव डॉ. अर्जुन नरूला, डॉ. एसएल वर्मा, डॉ. अरुण नरूला, डॉ. रवींद्र चौधरी, डॉ. अमित मान, डॉ. रवींद्र हुड्डा, डॉ. करण सिवाच उपस्थित रहे।