रोहतक। सोनीपत जा रहे हिसार के प्रशिक्षु पायलट मयंक सर्राफ की कार छीनने के लिए महम बाईपास के नजदीक बाइक सवार तीन युवकों ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।
चालक कार की चॉबी लेकर सड़क पर भागने लगा तो वहां से गुजर रहे वाहन चाल रुक गए। इसके बाद हमलावर भाग गए। इस संबंध में महम थाने में अज्ञात के खिलाफ कार छीनने का प्रयास व तेजधार हथियार से हमला करने का केस दर्ज कर लिया है।
हिसार जिले के रामपुरा मोहल्ला निवासी मयंक सर्राफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे कार में सवार होकर सोनीपत जा रहा था। जब वह महम बाईपास के नजदीक पहुंचा तो गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी करके फोन पर बात करने लगा।
इस दौरान किसी ने कार का पिछला शीशा पत्थर मारकर तोड़ दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता बाइक सवार तीन युवक दरवाजे के पास आ गए। ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया पिस्तौल निकालकर कार की चाबी मांगने लगे। उसने नहीं दी।
इस पर एक युवक ने उसकी कमर पर चाकू से वार कर दिया। वह गाड़ी को स्टार्ट करना चाहा मगर एक युवक ने कंधे पर वार कर दिया। उसने गाड़ी की चॉबी निकाल कर जेब में डाल ली और दरवाजा खोलकर सड़क पर भागने लगा। बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा किया और पकड़ लिया।
उसने शोर मचाने शुरू किया तो वहां से गुजर रहे वाहन चालक रुकने लगे। आरोपी युवक बाइक पर सवार होकर हिसार की तरफ भाग गए। उसे महम के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहां से पीजीआई रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस पीजीआई पहुंचकर घायल के बयान दर्ज किए। उपचार के बाद परिजन घायल को हिसार ले गए।
यूपी के अलीगढ़ में पायलट का प्रशिक्षण ले रहे मयंक
मयंक ने बताया कि वह यूपी के अलीगढ़ में प्राइवेट पायलट की ट्रेनिंग ले रहे हैं। फिलहाल घर आए हुए हैं। शनिवार शाम को वह हिसार से सोनीपत जा रहे तो उनके साथ वारदात हो गई। अभी उनकी हालत खतरे से बाहर है।
घायल के बयान पर गाड़ी छीनने व हमला करने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -एसआई सुभाष, प्रभारी, थाना महम।