जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर न सिर्फ चालान किए, बल्कि ऐसे वाहन चालकों को जागरूक किया। रोहतक में पहली बार बुलेट बाइक के 44 हजार रुपये तक के भी चालान किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 6293 वाहनों पर कार्रवाई कर 1,15,18,000 रुपये का शमन शुल्क लगाया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने बताया कि रोहतक में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए अभियान छेड़ा गया है। इसमें एडिशनल एसपी वाईवीआर शशि शेखर को यातायात का नोडल अधिकारी बनाया गया है। पुलिस ने दो माह में कुल 6293 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनमें 15224 ब्लैक फिल्म और 179 पटाखा लगे साइलेंसर बुलेट बाइक और 652 बिना नंबर और बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के चालान करते हुए इन पर 1,15,18,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। एएसपी ने बताया कि कोई भी वाहन चालक अपनी गाड़ी पर ब्लैक फिल्म लगाए हुए या बुलेट बाइक पर पटाखा वाला साइलेंसर लगाता है तो उनको जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
-
कुछ वाहनों के प्रमुख नियमों के उल्लंघन में किए गए चालान
-बुलेट साइलेंसर पर चालान-179
-बिना नंबर प्लेट के चालान - 485
-बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट-167
-चार पहिया वाहनों के नंबर प्लेट पर-70
-नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन-188
-नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो-179
-
लेन बदलने पर 181 वाहन चालकों के काटे चालान
जिला रोहतक में आज सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने व आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लेन बदलने पर 181 वाहन चालकों के चालान किए। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने व यातायात हादसों से बचाने के लिए गलत दिशा व गलत लेन में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस महानिदेशक हरियाणा शत्रुजीत सिंह कपूर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाईवे हरियाणा श्री हरदीप सिंह दून व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रोहतक रेंज रोहतक कृष्ण कुमार राव के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया हुआ है।
लेन में चलने के लिए 2100 चालकों को किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया ने रोहतक में होने वाले हादसों का कारण जानने के लिए वह सड़कों पर उतर गए। उन्होंने देखा कि वाहन चालक अपनी लेन में नहीं चलते हैं। इसके बाद उन्होंने यातायात पुलिस ने लेन में चलने के लिए वाहन चालकों को जागरूक करने का अभियान शुरू कराया। 2100 वाहन चालकों को जागरूक किया गया। 181 भारी वाहनों का चालान भी किया है।