रोहतक। शहर की शौरी मार्केट में आग से बचाव के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए मंगलवार को शौरी क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन की बैठक हुई। 20 नए अग्निशमन सिलिंडर, नए सीसीटीवी व स्पीकर लगाने का प्रस्ताव पास किया गया।
प्रधान गुलशन ईशपुनियानी ने कहा कि शहर में किला रोड, रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड व चमेली मार्केट में पहले आग की घटनाएं हो चुकी हैं। तीन माह पहले प्रताप चौक में एक मकान में आग लगने से घर का सारा सामान जल गया था, लेकिन प्रशासन भिवानी स्टैंड पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी खड़ी करने की मांग पूरी नहीं कर रहा है। ऐसे में वे शौरी मार्केट के अंदर आग से बचाव के और पुख्ता इंतजाम कर रहे हैं। मार्केट में 500 से ज्यादा दुकानें हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए 80 अग्निशमन सिलिंडर को बदलवाने का काम शुरू कर दिया है।
चार चरणों में दोबारा सिलिंडर को री फिल करवाया जाएगा। मंगलवार से प्रथम चरण में 20 सिलिंडर रीफिल किए गए। बैठक में विनीत जैन, ईश्वर आहुजा, ओमप्रकाश गर्ग, सुरेश सिंगल, ईश्वर गुप्ता, संजय परुथी, यशपाल अरोड़ा, कमल परूथी, मोरारी लाल, मुकंद लाल, विरेन्द्र कुमार, हरीश ईशपुनियानी, असीम सिंधवानी, गौरव जैन पंकज मिगलानी, रविन्द्र बंसल, सुनील मलिक, हरीश अरोड़ा, सतीश गर्ग व विरेन्द्र भी मौजूद रहे।