रोहतक। महम के गंगानगर रोड स्थित 5 एमएलडी एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) को हाईटेक बनाया जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग ने इसके सुधार कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया है। जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
विभाग की योजना के अनुसार, एसटीपी पर 55.40 लाख रुपये की लागत से स्काडा सिस्टम और क्लाउड आधारित डैशबोर्ड स्थापित किया जाएगा। इसके तहत प्लांट में फ्लो मीटर, डीओ सेंसर, लेवल सेंसर और डेटा लॉगर लगाए जाएंगे। इससे एसटीपी की निगरानी पारदर्शी होगी और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। परियोजना में 46 केडब्ल्यूपी क्षमता का सोलर पावर प्लांट लगाना भी शामिल है जिससे बिजली की खपत कम होगी।
कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि एसटीपी का पहले भी अपग्रेडेशन किया जा चुका है। सरकार ने इस एसटीपी को बेहतर कार्य करने वाले प्लांटों में चुना था। इसके बाद सुधार कार्य के लिए यह राशि जारी की गई थी। इसी राशि से एसटीपी में ये सुधार किए जा रहे हैं।