संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को कनौंदा गांव में भारतीय सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली।
तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीणों, पूर्व सैनिक व सामाजिक संगठनों के लोगों ने भाग लिया। भाजपा नेता दिनेश कौशिक व कानौंदा मंडल अध्यक्ष सुदेश रंगा की अगुवाई में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें शामिल लोग हाथों में तिरंगा लिए हुए थे।
भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। दुनिया भर के सभी देशों ने भारतीय सेना के पराक्रम का लोहा माना है। भारतीय सेना के शौर्य की जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है।
उन्होंने कहा कि हमारी तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करके विश्व में अपना परचम लहराया है। इस मौके पर महामंत्री अरविंद जांगड़ा, रवि मुकुंदपुर, रमेश आर्य, बबलू कानौंदा, श्याम कानौंदा, संजय बराही, मंजीत बराही, राज सिंह कुलासी, जगी, चांद भगत, सुनील व रितेश सहित मौजूद रहे।