रोहतक। शहर के कच्चा चमरिया रोड स्थित फौजी फार्म हाउस से वीरवार दोपहर बाद पुलिस ने नेपाल के तीन युवकों के शव बरामद किए हैं। इनकी उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फार्म हाउस में नए साल की पार्टी के बाद तीनों युवक कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे।
युवक फार्म हाउस में खाना बनाने का काम करते थे। छानबीन के बाद पुलिस ने तीनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के शवगृह भिजवाए। परिजनों को हादसे की सूचना भेज दी गई है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीरवार दोपहर बाद फौजी फार्म हाउस के संचालक सेक्टर-34 निवासी नरेंद्र व अन्य फार्म हाउस पर आए। यहां उन्होंने देखा कि फार्म हाउस पर काम करने वाले नेपाल के तीनों युवकों कमल, राज व संतोष के कमरे का दरवाजा बंद पड़ा है। उन्हें कुछ शक हुआ तो कमरे का दरवाजा खटखटाया।
जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो किसी तरह दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। तीनों युवकों को मृत देखकर कंट्रोल रूम नंबर 112 पर सूचना दी। इसके बाद शाम करीब चार बजे डीएसपी गुलाब सिंह व शहर थाना पुलिस टीम फार्म हाउस पर पहुंची। एफएसएल प्रभारी डॉ. सरोज दहिया भी मौके से साक्ष्य जुटाने पहुंचीं।
-
शराब के नशे में बताए जा रहे, नींद से नहीं जाग पाए
नए साल की पार्टी में तीनों युवक खाना बनाने आए थे। पार्टी के बाद तीनों खा-पीकर वहीं एक कमरे में सो गए। कमरे में एक जलती हुई अंगीठी भी रख ली। यहां हवा आने जाने के लिए न कोई खिड़की थी, न रोशनदान। इस कारण रातभर अंगीठी जलने से ऑक्सीजन खत्म हो गई और दम घुटने से तीनों की मौत हो गई। तीनों के शराब के नशे में गहरी नींद में होने की बात कही जा रही है। इस कारण वह रात को उठ ही नहीं पाए। परिजनों के आने पर उनके बयान के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। - रमेश कुमार, शहर थाना प्रभारी, रोहतक