रोहतक। यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) की ओर से छह सितंबर को आयोजित नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की परीक्षा के मद्देनजर रेलवे बोर्ड स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन करेगा। अभ्यर्थियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए रोहतक से तीन स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, जो अभ्यर्थियों को चंडीगढ़ और दिल्ली पहुंचाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन सोशल डिस्टेंसिंग से कराने के लिए रेलवे अधिकारी तैयारी में जुट गए हैं।
एनडीए की परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे, जिसके मद्देनजर रेलवे बोर्ड ने स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। रेलवे के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रोहतक से चंडीगढ़ के बीच एक और रोहतक से दिल्ली के लिए दो स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलेंगी। रेलवे बोर्ड ने इन ट्रेनों के संचालन के दौरान न सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग बल्कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए समुचित इंतजाम करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए टिकट की बिक्री तीन काउंटर से शनिवार रात नौ बजे से होगी। काउंटर रविवार सुबह सात बजे तक खुले रहेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए पुलिस बल और रेलवे कर्मचारी तैनात रहेंगे।
इन ट्रेनों का होगा संचालन
- भिवानी से शनिवार रात 11 बजे ट्रेन चलेगी, जो 12 बजे रोहतक आएगी। यह ट्रेन जींद, नरवाना, कुरुक्षेत्र, करनाल और चंड़ीगढ़ पहुंचेगी।
- हिसार से रविवार की सुबह 3:45 बजे ट्रेन चलेगी, जो भिवानी होते हुए सुबह करीब पौने पांच बजे रोहतक से चलकर सात बजे दिल्ली पहुंचेगी।
- जींद से रविवार सुबह 4 बजे ट्रेन चलेगी, जो रोहतक सुबह करीब पांच बजे आएगी और दिल्ली साढ़े छह बजे पहुंचेगी।
रेलवे बोर्ड से आए निर्देशानुसार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को लेकर तैयारी कर ली गई हैं। समुचित रेलवे स्टाफ, चेकिंग टीम और सुरक्षा बल को तैनात किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रात नौ बजे तीन टिकट काउंटर खोले जाएंगे, जो पूरी रात खुले रहेंगे।
- पंकज राजपाल, सीएमआई