खरावड़ बाईपास पर ओवरब्रिज के ऊपर हादसा हुआ है। परिवार झज्जर के गांव चिमनी से बलियाणा लौट रहा था, दो साल का बेटा और पिता घायल हो गए। गढ़ी बलंब निवासी 26 वर्षीय वैन चालक देवेंद्र ने मौके पर दम तोड़ दिया।
हरियाणा के रोहतक में खरावड़ बाईपास पर सोमवार को कार और वैन की टक्कर में दो माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। दो घायलों को निजी अस्पताल और दो को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
विज्ञापन
बलियाणा गांव निवासी सुमित अपनी पत्नी शालू, दो साल के बेटे अंश व दो माह के बेटे हर्ष के साथ ससुराल झज्जर जिले के गांव चिमनी गया हुआ था। सोमवार दोपहर परिवार के चारों सदस्य वैन में सवार होकर घर आ रहे थे। जब वैन खरावड़ बाईपास पर हिसार से आते समय ओवरब्रिज पर चढ़ी तो दिल्ली से हिसार की तरफ से जा रही सफेद रंग की कार का संतुलन बिगड़ गया।
कार डिवाइडर से उछलकर दूसरी दिशा में चली गई और सीधी वैन से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन चालक कलानौर खंड के गांव गढ़ी बलंब निवासी 26 वर्षीय देवेंद्र ने मौके पर दम तोड़ दिया।
विज्ञापन
राहगीरों ने वैन में सवार चार घायलों को खेड़ी साध के नजदीक निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां 24 वर्षीय शालू और उसके दो माह के बेटे हर्ष ने दम तोड़ दिया। जबकि सुमित और अंश का उपचार चल रहा है।