किसान संगठनों की ओर से सोमवार को किए जाने वाले भारत बंद को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। इसके लिए तीन एएसपी व चार डीएसपी को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन्हें 26-26 जवानों की दो से चार प्लाटून दी गई है। पुलिस की 44 जवानों की दो रिजर्व टुकड़ी डीएसपी सुशीला के नेतृत्व में स्टैंड बाय मोड पर रहेगी। लघु सचिवालय पर 21 जवानों के साथ एएसपी कृष्ण कुमार मौजूद रहेंगे। भारत बंद में के दौरान किसी तरह का हंगामा न हो प्रशासन इस बात का पूरा ध्यान रख रहा है। चाक चौबंद व्यवस्था बनाते हुए पुलिस ने सुरक्षा की योजना बना ली है। इसके तहत जिले के एएसपी व डीएसपी को सुरक्षा की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनके साथ पुलिस के 1200 जवान अलग-अलग जगह तैनात रहेंगे। फ्लैग मार्च के अलावा पुलिस नाके व गश्त के जरिये जनता को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने का विश्वास दिलाएगी। पुलिस सुरक्षा के चलते बाजार खुले रहने की उम्मीद है।
क्षेत्र किया निर्धारित
- एएसपी मेधा भूषण 29 जवानों के साथ सांपला में तैनात रहेंगी। इनके पास आईएमटी क्षेत्र के सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए 26 जवान अलग से रहेंगे।
- एएसपी महम महेंद्र 26-26 जवानों की दो प्लाटूनों के साथ लाखनमाजरा क्षेत्र में तैनात रहेंगे। यहां की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी इन्हीं की रहेगी।
- एएसपी कृष्ण कुमार 13-13 जवानों की दो टुकड़ी के अलावा 21 जवानों की अलग टीम के साथ आर्य नगर, सिविल लाइन व लघु सचिवालय की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
- डीएसपी सज्जन सिंह 26 जवानों की दो प्लाटून के साथ मकड़ौली टोल पर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही अर्बन एस्टेट इलाके लिए चार प्लाटून अलग से रहेंगी।
- डीएसपी डॉ. रवींद्र पुरानी सब्जी मंडी थाना, शहर थाना, आर्य नगर की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। इनके साथ 26 जवानों की तीन प्लाटून रहेंगी।
- डीएसपी सुशीला को 44-44 जवानों की दो रिजर्व टुकड़ी दी गई हैं। ये टुकड़ियां स्टैंड बाय मोड पर रहेंगी। इन्हें जरूरत पड़ने पर कहीं-कहीं भेजा जा सकता है।
- डीएसपी महेश कलानौर क्षेत्र में दो प्लाटूनों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
आज स्कूलों में रहेगा अवकाश
भारत बंद के आह्वान पर एकजुट होने वाली भीड़ से हंगामा होने की आशंका बनी हुई है। इसके चलते ज्यादातर निजी स्कूलों ने सोमवार को अवकाश घोषित कर दिया है। स्कूलों ने विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को इस संबंध में सूचना भी भेज दी है। स्कूलों में चल रही परीक्षा भी अब सोमवार को नहीं होगी। यह परीक्षा अंतिम पेपर के बाद कराई जाएगी। सरकारी स्कूलों में अवकाश संबंधी देर रात तक कोई सूचना जारी नहीं हुई थी।
यातायात व्यवस्था के लिए रूट भी किया डायवर्ट
भारत बंद के दौरान पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी ध्यान दिया है। इसके तहत शहर की कुछ सड़कों पर रूट डायवर्ट रहेगा। भारी वाहनों को शहर की बाहरी व मुख्य सड़कों से ही गुजारा जाएगा। शहर में इनके प्रवेश की मनाही रहेगी।
भारत बंद का देखते हुए जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। एएसपी और डीएसपी को सुरक्षा की जिम्मेदारियों के साथ उनकी ड्यूटी भी तय कर दी गई है। इसके अलावा थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालने के साथ लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
- राहुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक, रोहतक
अमर उजाला ई-पेपर फ्री में पढ़ने के लिए अमर उजाला ऐप डाउनलोड करें,
एकदम फ्री, ये ऑफर सीमित समय के लिए है।
अमर उजाला ई-पेपर डेली एक रुपये से भी कम, अभी
सब्सक्राइब करें और अपने शहर की हर खबर, हर समय, हर डिवाइस पर पाएं ।