रोहतक। कलानौर खंड के गांव लाहली में शादी समारोह में आई साढ़े चार साल की बच्ची का एक व्यक्ति ने अपहरण कर लिया। जबकि कलानौर में गली के अंदर खेल रहा 15 साल का किशोर लापता हो गया। वहीं, बैंसी गांव में पैसे के लेनदेन में कार सवार तीन लोग एक युवक का अपहरण करके ले गए। साथ ही शहर से एक महिला, एक बुजुर्ग व एक युवक भी लापता हो गए। छह जगह घटना से पुलिस सकते में है।
केस एक - शादी में आई बच्ची को लेकर गया युवक, बाद में वापस छोड़ा
वहीं, गढ़ी बलंब के एक व्यक्ति ने शिकायत दी है कि 14 अप्रैल को लाहली गांव में परिवार सहित शादी समारोह में गया था। इसी बीच गढ़ी बलंब का व्यक्ति चांद उसकी बेटी साढ़े 4 साल की बेटी को स्कूटी पर बैठा कर ले गया। उस पर परिजनों की नजर पड़ गई। जब परिजनों उसे ढूंढा तो पहले ही वह लड़की को छोड़कर चला गया, लेकिन यह नहीं बता सका कि वह लड़की को अपनी स्कूटी पर क्यों बैठाकर ले गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
केस दो - गली में खेल रहा 15 साल का किशोर लापता
वहीं, कलानौर के वार्ड नंबर तीन निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दी है कि उसके तीन बच्चे हैं। सबसे छोटा बेटा 15 वर्षीय लक्ष्य शुक्रवार रात करीब आठ बजे गली में खेल रहा था। अचानक लापता हो गया है। उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। पूरी रात वे बेटे को ढूंढते रहे, लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। उसे शक है कि किसी ने बेटे का अपहरण किया है।
केस तीन - बैंसी से पैसे के लेनदेन में युवक को उठाकर ले गए कार सवार
बैंसी गांव के युवक योगेश ने लाखनमाजरा थाने में दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे वह बैंसी गांव के अड्डे पर बैठा हुआ था। साथ में उसका दोस्त सूरज भी था। उसका सोनू मोखरा व अमित कबूलपुर के साथ पैसे का लेनदेन चल रहा है। दोनों कार में उसके पास आए और जबरन कार में बैठा लिया। कार में दो युवक पहले से बैठे थे। चारों युवक उसे बालंद गांव के पास ले गए। वहां पर गाड़ी में रखे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच राहगीरों ने पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर कॉल कर दी। पुलिस पहुंचते ही आरोपी उसे छोड़कर भाग गए।
केस चार
गढ़ी मोहल्ले से महिला, जनता कालोनी से बुजुर्ग व पाड़ा मोहल्ले से युवक लापता
शहर के गढ़ी मोहल्ला निवासी एक युवक ने शिकायत दी है कि उसकी 21 वर्षीय पत्नी शुक्रवार को दोपहर करीब 2 बजकर 40 मिनट पर अपनी मर्जी से कहीं चली गई। उसे कई जगह तलाश किया, लेकिन पता नहीं लग रहा है। वहीं पाड़ा मोहल्ला निवासी गुलशन ने दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा निखिल बजाज उर्फ अंशु बजाज 11 अप्रैल को शाम चार बजे फोन खरीदने पालिका बाजार गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पहले भी वह दो-तीन बार जा चुका है, वापस आ जाता था। अब लौटकर नहीं आया है। वहीं, जनता कालोनी के युवक पीयूष गोयल ने शिवाजी कॉलाेनी थाने में शिकायत दी है कि शुक्रवार को शाम 4 बजे उसके पिता 52 वर्षीय बजरंग अचानक घर से चले गए।
पहले से लापता तीन को पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत ढूंढा
वहीं, अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने तीन लोगों को ढूंढकर परिजनों से मिलवाया है। थाना प्रभारी प्रलाहद सिंह ने बताया कि गांव सिलौठी निवासी 23 वर्षीय अमित प्राइवेट नौकरी करता है। पांच अप्रैल को ड्यूटी पर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बरामद कर लिया है। वहीं, गोहाना के युवक दीपांशु को भी पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। वहीं, बहन के घर आया मुकलान निवासी तेजस 10 अप्रैल को लापता हो गया था। उसे भी पुलिस ने ढूंढकर परिजनों को सौंपा है।