रोहतक। शहर में चार दिन पहले 26 जुलाई को कार सवार चोरों ने दवा की चार दुकानों के ताले तोड़कर 1.64 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। दो वारदात झज्जर रोड स्थित काठमंडी में हुई थी। अब चौथे दिन चोरों ने वीरवार की रात यहां एक मकान के बाहर खड़ी टाटा गोल्ड गाड़ी चोरी कर ली। इससे परेशान स्थानीय व्यापारियों ने बैठक कर चोरी की वारदात पर नाराजगी जताई है। साथ ही पुलिस अधीक्षक से मिलने का निर्णय लिया है।
काठमंडी निवासी सतीश ने दी शिकायत में बताया कि उन्होंने पांच लाख रुपये में टाटा गोल्ड गाड़ी खरीदी थी। वीरवार रात करीब आठ बजे उन्होंने घर के बाहर अपनी गाड़ी खड़ी की थी। उन्होंने बताया कि रात को करीब 3 बजे उनके बेटे हंस और हर्ष ने देखा तो गाड़ी नियत स्थान से गायब थी। इसके बाद वह कई स्थानोें पर गाड़ी की तलाश करते रहे, लेकिन कहीं पता नहीं लग सका। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
‘बाजार में पुलिस स्थायी तौर पर गश्त बढ़ाए’
काठमंडी में चार दिन के भीतर चोरी की तीसरी वारदात हुई है। इससे परेशान व्यापारियों ने प्रधान उमेद सिंह की अध्यक्षता में बैठक बुलाई। काठमंडी पंचायत से जुड़े व्यापारियों ने कहा कि बाजार में चोरी की वारदात बढ़ गई है। पुलिस स्थायी तौर पर बाजार में गश्त बढ़ाए। साथ ही चोरों को जल्दी से जल्दी पकड़ा जाए। बैठक का संचालन काठमंडी पंचायत समिति के महासचिव राजीव यादव उर्फ पिंकी ने किया।
.........
अल्टीमेटम पूरा, नहीं पकड़ में आए चोर
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र उर्फ रूबी चावला के नेतृत्व में दवा विक्रेता पुलिस के आला अधिकारियों से मिले थे। बयान जारी करके प्रधान ने कहा था कि 48 घंटे के अंदर अगर पुलिस चोरों को नहीं पकड़ पाती है तो वे दवा की दुकानें बंद करेंगे। शनिवार को अल्टीमेटम पूरा हो जाएगा। बावजूद इसके अभी तक चोर नहीं पकड़े गए हैं।
एसपी से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग करेंगे व्यापारी
काठमंडी में लगातार चोरियां हो रही हैं। दवा की दो दुकानों में चोरी के बाद वीरवार रात को घर के बाहर खड़ी गाड़ी भी चोरी हो गई। इसके विरोध में काठमंडी पंचायत समिति की बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया है कि व्यापारी एसपी से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने व आरोपियों को पकड़ने की मांग करेंगे।
-राजीव यादव उर्फ पिंकी, महासचिव काठमंडी पंचायत समिति
...
पूर्व मंत्री और डीएसपी से मिलेंगे दवा विक्रेता
दवा विक्रेताओं ने पुलिस प्रशासन को चोर पकड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया था, लेकिन अभी तक चोर पकड़े नहीं जा सके हैं। शनिवार को वे पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व डीएसपी गोरखपाल राणा से मिलेंगे। इसके बाद आगे का निर्णय लेंगे।
-महेंद्र उर्फ रूबी चावला, प्रधान जिला केमिस्ट एसोसिएशन
जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा
पुलिस अपनी तरफ से चोरों को पकड़ने का पूरा प्रयास कर रही है। सीआईए की टीमें भी लगा दी गई हैं। उम्मीद है जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
-गोरखपाल राणा, डीएसपी मुख्यालय