रोहतक। निकाय चुनाव की तैयारियां जोरो-शोरों से चल रही है। ऐसे में निकाय चुनाव के चलते विकास का पहिया नहीं रुका है।
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर (लोक निर्माण विभाग) की ओर से शहर में सभी अधूरे कार्यों को पूरा कराया जा रहा है। ग्रामीण इलाकों में सड़क नवीनीकरण कार्य भी चल रहा है। अधिकारियों ने बताया किया चुनाव घोषणा से पहले किए जारी किए गए निर्माण कार्यों को पूरा किया जा रहा है। साथ ही सत्र-2025-26 के लिए भी विभाग ने आगामी कार्यों को लेकर प्रस्ताव भेजा है। इनकी मुख्यालय की ओर से अनुमति मिलनी है।
शहर में दो बड़े प्रोजेक्ट दिल्ली बाईपास स्थित जेएलएन नहर पुल और एलिवेटेड रेलवे ट्रेक के साथ में सड़क निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी की ओर से किया जा रहा है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि करीब 12. 30 करोड़ की लागत से जेएलएन (जवाहर लाल नेहरू) नहर पुल निर्माण मार्च के अंतिम सप्ताह तक पूरा होगा। एलिवेडेट रेलवे ट्रेक के साथ सड़क का निर्माण 12 करोड़ की लागत से बनकर सितंबर माह तक तैयार होगा। पीडब्ल्यूडी की ओर से 2024-25 का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। कुछ स्थानों का कार्य प्रगति पर है, लेकिन टेंडर न होने से एक हल्के का कार्य अधूरा है। फिलहाल, कलानौर में पहले से जारी करीब तीन करोड़ की लागत से सड़क नवीनीकरण कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना कि निकाय चुनाव चलते पहले से अलाॅट किए कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।
31 मार्च तक पूरा होगा जेएलएन पुल निर्माण
शहर से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को दिल्ली बाइपास स्थित जेएलएन पुल निर्माण के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा रहा है। वन-वे पुल से दोनों तरफ के वाहन आवागमन कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने बताया कि पुल निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा किया जा चुका है जोकि 31 मार्च तक बनकर तैयार हो जाएगा।
कलानौर में ये चल रहा कार्य :
- लाहली से बनियानी : पांच किलोमीटर सड़क निर्माण
- कलानौर स्कूल रोड : 250 मीटर सड़क निर्माण
- न्यू ग्रेन मार्केट रोड : 1100 मीटर सड़क निर्माण
- ड्रेन-08 रोड: चार किलोमीटर सड़क निर्माण
पीडब्ल्यूडी के सत्र-2024-25 प्रगति पर कार्य :
महम : 50 किलोमीटर सड़क नवीनीकरण 50 प्रतिशत कार्य पूरा।
गढ़ी सांपला किलोई : 31 किलोमीटर सड़क नवीनीकरण कार्य जल्द शुरू होगा।
कलानौर : 14 किलोमीटर सड़क नवीनीकरण कार्य 80 प्रतिशत पूरा।
रोहतक : जेएलएन पुल निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा व एलिवेटेड रेलवे के साथ में सड़क निर्माण प्रगति पर है।
रोहतक : एचएसआरडीसी के तहत सुखपुरा चौक पुल निर्माण कार्य प्रगति पर है।
निकाय चुनाव की घोषणा से पहले जारी किए गए सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। शहर में बने जेएलएन पुल और रेलवे एलिवेटेड ट्रैक से लगती सड़क इसी वर्ष आमजन के लिए समर्पित होंगे।
- अरुण कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।