रोहतक। सलारा मोहल्ला क्षेत्र में जल संकट की समस्या अब दूर होगी। मोहल्ला के आसपास की कॉलोनियों को टैंकरों के भरोसे नहीं होना पड़ेगा। इस इलाके में जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से नया बूस्टर बनाए जाने से लोगों को जलापूर्ति की समस्या से राहत मिलेगी। विभाग ने प्यास बुझाने के लिए 1.69 करोड़ रुपये से बूस्टर निर्माण की योजना बनाई है।
सलारा मोहल्ला व आसपास की कॉलोनियों में कई साल से जलापूर्ति की समस्या है। अंतिम छोर और ऊंचाई वाला क्षेत्र होने के कारण यहां सप्लाई का पानी भी नहीं पहुंचता है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से टैंकर भेजकर लोगों की प्यास बुझानी पड़ रही है।
जन स्वास्थ्य विभाग ने सलारा मोहल्ला क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझाने के लिए 1.69 करोड़ रुपये से बूस्टर बनाने की योजना बनाई है। कनिष्ठ अभियंता भूदेव मुदगिल ने बताया कि सलारा मोहल्ला में आंबेडकर पार्क के अंदर बूस्टर बनाया जाएगा। बूस्टर में 30-30 एचपी की दो मोटर लगाई जाएंगी।
इसमें जलघर-3 से पानी लाया जाएगा और करीब 4 हजार आबादी को जलापूर्ति की समस्या से राहत मिलेगी। इसके लिए विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है। फिलहाल, यह इलाका पाड़ा मोहल्ला बूस्टर व प्रथम जलघर से जुड़ा हुआ है लेकिन घरों में पानी न पहुंचने की शिकायत अक्सर मिलती है।
सलारा मोहल्ला के क्षेत्र में बेहतर पूर्ति के लिए बूस्टर बनाने की योजना बनाई है। अनुमानित लागत का प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया है। स्वीकृति मिलने के बाद बूस्टर का निर्माण शुरू किया जाएगा।
- अनिल रोहिला, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।
सलारा मोहल्ला ऊंचाई वाला क्षेत्र है। यहां टैंकरों से पानी की सप्लाई की जा रही है। नया बूस्टर बनाए जाने से फतेहपुरी कॉलोनी, सलारा मोहल्ला व सहासी चौक के लोगों को जलापूर्ति की समस्या से राहत मिलेगी।
- सुरेश किराड़, वार्ड-5 पार्षद, नगर निगम।
सप्ताह भर में पानी का एक टैंकर आता है। यही पानी पीने और अन्य कार्यों के लिए प्रयोग किया जाता है। विभाग की ओर से बूस्टर बनाए जाने से पानी जल्दी मिलेगा।
- रामभज, सलारा मोहल्ला।
-
पानी की समस्या लंबे समय से है। पानी की बूस्टर बना दिया जाए तो काफी आबादी को राहत की सांस मिलेगी। हर गर्मियों में कॉलोनी के लोग जल संकट से जूझते हैं।
- प्राताप।
सप्लाई का पानी तो नलाें में पहुंचता ही नहीं है। टैंकरों से ही लोगों काे पानी मिलता है। अब उम्मीद है कि 4 हजार से अधिक लोगों को बूस्टर निर्माण से राहत मिलेगी।
- कृष्ण।