सोनीपत रोड पर हैंडपप से पानी भरता व्यक्ति। संवाद
रोहतक। प्रचंड गर्मी के साथ-साथ जलसमस्या बरकरार है। जनस्वास्थ्य विभाग के पेजयल सप्लाई के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। आज भी कई कॉलोनियों में दूषित जल और पेयजल किल्लत की समस्या व्याप्त है। कहने को तो 16 मई काे नहर में पानी आ गया है, लेकिन पानी घरों के नलों तक नहीं पहुंचा। लोग इस प्रचंड गर्मी में कई किलोमीटर दूर जाकर पानी ढोने को मजबूर हैं। बोहर, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड, नेहरू कॉलोनी के कई घरों में अब भी दूषित पानी नहीं आ रहा है। लोगों का कहना है कि कभी अगर पानी आता भी है तो वह प्रयोग के योग्य भी नहीं होता।
यहां नहीं आ रहा पानी
वार्ड 20, एकता कॉलोनी, राजीव नगर में तीन दिन से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। वार्ड 20 निगम पार्षद प्रतिनिधि सूरजमल किलोई ने कहा कि पेजयल समस्या सुधरने के बजाय गहराती जा रही है। विभाग को इस समस्या को गंभीरता से लेकर काम करना चाहिए। पानी न आने के चलते लोगों को महंगे दामों पर टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं। साथ ही कई कॉलोनीवासी दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं।
-पेट संबंधी बीमारी दे रहा कम गुणवत्ता वाला पानी
अभी ज्यादातर होने वाली पेट संबंधी बीमारी कम गुणवत्ता वाले पेयजल से है। डायरिया, वायरल फीवर व पेट से संबंधी गैस्ट्रोइंटाइटिस के मरीजों में करीब 40 से 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसके रोकथाम के लिए आम लोगों को जागरूक करना जरूरी है। अपनों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए जल को अच्छे से उबालकर ठंडा होने के बाद ग्रहण करें। इससे पानी में रहने वाले जीवाणु समाप्त हो जाएंगे।
डॉ. रोहित कपूर, एचडीयू इंचार्ज, नागरिक अस्पताल
-वर्जन
पानी किल्लत की शिकायत नहीं मिली है। कुछ इलाकों से फोन जरूर आए हैं। उनकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा। जिन गलियों में पानी की समस्या है वहां पानी के टैंकर भिजवाएंगे।
-आरके शर्मा, अधीक्षण अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग
इन मोहल्लों में आम हुई दूषित जल की समस्या :
-बाबरा मोहल्ला।
-झंग मोहल्ला।
-कमल कॉलोनी।
-तिलक नगर।
-पाड़ा मोहल्ला।
-सलारा मोहल्ला।
- ओल्ड हाउसिंग बोर्ड।