रोहतक। कांग्रेस के शहरी और ग्रामीण जिला अध्यक्ष के लिए शनिवार को कांग्रेस के पर्यवेक्षक बीवी श्रीनिवास, इसराना के पूर्व विधायक बलबीर वाल्मीकि, बलजीत कौशिक व मनोज नाछर ने दावेदारों का साक्षात्कार लिया। शनिवार को 58 और आवेदनों के साथ दावेदारी की संख्या 128 हो गई।
बंद कमरे में एक-एक आवेदक से तीन मिनट तक सवाल किए गए। पूछा गया, कांग्रेस से कब से जुड़े हैं। पंचायत से लेकर लोकसभा तक कितने चुनाव लड़े हैं। कितनी बार जीत मिली और कब-क्यों हारे। आपकी शैक्षणिक योग्यता क्या है। पर्यवेक्षक बीवी श्रीनिवास ने कहा कि सभी से बातचीत की जाएगी। इसके बाद केंद्रीय नेतृत्व अंतिम निर्णय लेगा।
वर्ष 2009 के बाद कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव हो रहे हैं। इस बार पार्टी की तरफ से जिले के शहरी के साथ ग्रामीण अध्यक्ष के लिए दो सप्ताह से प्रक्रिया चल रही है। पर्यवेक्षक बीवी श्रीनिवास के नेतृत्व में टीम चारों विधानसभा क्षेत्रों में रायशुमारी कर चुकी है। शनिवार को साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की गई। पहले 70 लोगों ने आवेदन जमा करवाए गए थे। सबको टोकन नंबर दिया गया।