कलानौर के प्रवीण हत्याकांड मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर उनको किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया है।
हत्या के पीछे प्रवीण ने किशोर से मजाक में जीजा बनने की बात कह दी थी। इसी बात से नाराज होकर किशोर ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर चाकू से हत्या कर दी थी। तीनों किशोरों को खैरड़ी मोड़ से हिरासत में लिया है। इससे पूर्व अधिकारियों ने क्राइम सीन दोहराया।
डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि कलानौर निवासी प्रवीण कुमार (17) की जान पहचान एक किशोर से थी। प्रवीण कुमार अकसर अपनी जान पहचान के किशोर के साथ हंसी-मजाक करता था। पिछले सप्ताह दोनों कलानौर में मिले और हंसी-मजाक का सिलसिला शुरू हो गया। इस बार प्रवीण ने दूसरे किशोर से मजाक-मजाक में उसका जीजा बनने की बात कह दी। इस बात को किशोर दिल पर ले गया और उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर उसकी जान ले ली थी। पुलिस ने बताया कि किसी काम से तीनों किशोर खैरड़ी में बाइक लेने के लिए आए थे।