रोहतक। डीएसपी रवि खुंडिया ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा बेहद जरूरी है। हम जितनी शिक्षा लेंगे, उतना ही सशक्त व सुरक्षित रहेंगे। ऑनलाइन फ्रॉड, बाल विवाह, सड़क हादसों से बचाव के लिए महिलाओं व छात्राओं को अपने अधिकार व कर्तव्यों को जानना चाहिए। ये बातें डीएसपी रवि खुंडिया ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से गांधी कैंप स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के तहत छात्राओं से कहीं।
मुख्य अतिथि डीएसपी रवि खुंडिया व पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को कई सामाजिक विषयों पर जागरूक किया। डीएसपी ने कहा कि अगर आप सभी को किसी रैंक या पद पर जाना है तो इसके के लिए कड़ी मेहनत और मन लगाकर पढ़ाई करनी होगी। महिलाओं से जुड़ी कोई आपराधिक समस्या है तो पुलिस की प्रत्येक शाखा आपकी सुरक्षा में तत्पर है।
ट्रैफिक पुलिस से एसआई राजेश बताया कि हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन दस्तावेज आदि का ध्यान रखा जाए तो हादसों की आशंका कम हो जाएगी। पुलिस आमजन की सुरक्षा में है, अगर नियमों को तोड़ेंगे तो चालान व कार्रवाई निश्चित तौर पर होगी।
एंटी ड्रग सेल से एसपीओ हरीश कुमार ने बताया कि नशा करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक तो है ही, अगर कोई आपके आसपास नशा करके परेशान करता है या हादसों को अंजाम देता है तो पुलिस को शिकायत करें या 1933 नंबर पर डायल करें।
आर्य नगर थाने के एसएचओ बिजेंद्र ने कहा कि बाल विवाह अपराध है। अगर आपके आसपास किसी लड़की का 18 साल से कम आयु में विवाह हो रहा है तो महिला थाना या पुलिस को सूचना दें। इस दौरान एसएचओ जसबीर, सब इंस्पेक्टर अंजु, एएसआई सुशीला, प्राचार्य अनीता कुमार व स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
फोन पर प्राइवेसी सेटिंग न होने पर अपराधी फोटो उठाकर करते हैं दुरुपयोग : कुलदीप
साइबर सेल से एसएचओ कुलदीप कुमार ने कहा कि बच्चे साइबरबुलिंग का शिकार होते हैं। इसमें इंटरनेट, इंटरेक्टिव डिजिटल तकनीक या मोबाइल फोन के माध्यम से ट्रेस करके ब्लैकमेल किया जाता है। फोन पर प्राइवेसी सेटिंग न होने पर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म से फोटो व कंटेंट उठाकर दुरुपयोग करते हैं। अधिकतर ऑनलाइन फ्रॉड लापरवाही की वजह से होते हैं। बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 व साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं।