फोटो संख्या:56 शहर स्थित नगर पालिका कार्यालय। संवाद
महेंद्रगढ़। पिछले एक पखवाड़े से शहरी सरकार के बीच चल रही खींचतान को सुलझाने के लिए अब विधायक ने भी प्रयास शुरू कर दिए हैं। विधायक की ओर से सोमवार देर शाम प्रधान, उप प्रधान व पार्षदों की बैठक बुलाई गई।
सबसे पहले विधायक ने प्रधान से बातचीत कर वर्तमान में चल रही खींचतान की जानकारी ली। इसके बाद विधायक की ओर से प्रधान रमेश सैनी, उप प्रधान मंजू कौशिक व पार्षदों से एक-एक कर उनका पक्ष जाना। रात 8:30 से 10:30 बजे तक दो घंटे बैठक चली।
कुछ मुद्दों पर सभी की सहमति बनी तो कुछ मुद्दों पर बैठक के दौरान भी शहरी सरकार दो फाड़ नजर आई। इसमें भी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला लेकिन विधायक ने हस्तक्षेप के बाद मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। हालांकि, इस बैठक के दौरान भी कई मुद्दों पर आपसी तालमेल के लिए सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद विधायक ने जल्द ही दूसरी बैठक बुलाने का निर्णय लिया।
शहरी सरकार के बीच यह चल रही खींचतान
एक दूसरे पर मनमानी व अनदेखी का आरोप लगा शहरी सरकार दो धड़ों में बंटी हुई है। 29 जनवरी को बैठक कोरम के अभाव के संकट को देखते हुए स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद फिर छह फरवरी को कोरम के अभाव में श्रीरामलीला परिषद में आयोजित बैठक को स्थगित कर दिया गया था। वहीं 13 फरवरी को पार्षदों व चेयरमैन के बीच जमकर तूतड़ाक व हंगामे की भेंट चढ़ गई थी। पिछले तीन बैठकें स्थगित होने के कारण 30 एजेंडों पर कोई सहमति नहीं बनी। शहर में 100 करोड़ रुपये के विकास कार्याें को लेकर विभिन्न एजेंडे तैयार किए गए थे। आपसी खींचतान के कारण शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। इसके कारण अब शहरवासियों में भी विकास कार्य शुरू नहीं होने से रोष है।
वर्जन
शहर के तेजी से विकास के लिए नगरपालिका प्रधान, उप प्रधान व सभी पार्षदों का एकजुट होना जरूरी है। नपा हाउस की बैठक में प्रधान, उप प्रधान व पार्षदों की बातें सुनीं। जल्द ही नपा द्वारा हाउस बैठक बुला एजेंडों को पास कर परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।
-विधायक कंवर सिंह यादव, महेंद्रगढ़।
फोटो संख्या:56 शहर स्थित नगर पालिका कार्यालय। संवाद