04जेएनडी09: रेलवे जंक्शन जींद। फाइल फोटो
- फोटो : सियार के हमले में घायल शहनाज बानो।
जींद। धुंध के कारण दिसंबर माह में रद्द की गई जींद–दिल्ली पैसेंजर ट्रेन अब फिर से ट्रैक पर लौट रही है। रेलवे ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए ट्रेन का संचालन पुनः शुरू करने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 54034 जींद–दिल्ली पैसेंजर का संचालन पांच फरवरी से शुरू होगा जबकि 54031 दिल्ली–जींद पैसेंजर छह फरवरी से ट्रैक पर दौड़ेगी।
ट्रेन सेवा बहाल होने से जींद और दिल्ली के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। जींद से दिल्ली की ओर व्यापार, नौकरी व अन्य कार्यों के लिए जाने वाले यात्री दो महीने से परेशान हैं। ट्रेन रद्द रहने के कारण यात्रियों को मजबूरन बसों का सहारा लेना पड़ रहा था जिसमें समय के साथ-साथ अतिरिक्त खर्च भी बढ़ रहा था।
रेलवे के अनुसार, दिल्ली से जींद आने वाली ट्रेन नंबर 54031 दोपहर 12 बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होकर दया बस्ती, स्कूरबस्ती, मुंडका, बहादुरगढ़, सापला, रोहतक और समर गोपालपुर होते हुए जुलाना, जैजैवंती व किनाना से गुजरते हुए शाम सवा चार बजे जींद पहुंचेगी।
वहीं ट्रेन नंबर 54034 जींद–दिल्ली पैसेंजर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जींद से चलकर रात करीब पौने आठ बजे दिल्ली पहुंचेगी।
वर्जन
धुंध व कोहरा कम होने के बाद रेलवे ने पैसेंजर ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू किया है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। ट्रेन सेवा दोबारा शुरू होने से यात्रियों को अब सीट उपलब्धता, भारी सामान के साथ यात्रा और समय की बचत सुविधाएं फिर से मिल सकेंगी। इससे जींद–दिल्ली रूट पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ होगा।
-जे.एस. कुंडू स्टेशन अधीक्षक