बहादुरगढ़। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। निर्माण कार्य दिवाली तक पूरा होने की संभावना है। काम पूरा होने के बाद यात्रियों को एसी कमरे, एस्केलेटर, फुटओवर ब्रिज और पार्किंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन पर सिविल वर्क और इलेक्ट्रिकल का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि फिलहाल इंटीरियर और फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। तीन मंजिला नई बिल्डिंग तैयार हो चुकी है। पार्किंग साइट का काम भी पूरा हो चुका है और सड़क के बचे हुए हिस्से का निर्माण किया गया है। स्टेशन पर शेड के विस्तार का कार्य भी शुरू हो गया है। सिविल इंजीनियर मनोज कुमार ने बताया कि दिवाली तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।
दिल्ली-रोहतक रेलमार्ग पर बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन का निर्माण वर्ष 1932 में हुआ था। उस समय इस रूट पर सिंगल रेल लाइन थी, जिसके बाद लाइन का दोहरीकरण किया गया। अब इस रूट पर तीसरी रेल लाइन की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। विगत में प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के 500 रेलवे स्टेशन भवनों को आधुनिक बनाने की शुरुआत की गई थी, जिसमें बहादुरगढ़ रेलवे स्टेशन भी शामिल है।
ये सुविधाएं होंगी उपलब्ध
स्टेशन पर 24 घंटे बिजली, पीने का पानी, वातानुकूलित लॉबी, हाईस्पीड एस्केलेटर, एयर कॉनकोर्स और होटल जैसी सुविधाओं की योजना है। प्रवेश द्वार का चौड़ीकरण, उच्चस्तरीय प्रकाश व्यवस्था, वेटिंग हॉल का विस्तार, एग्जीक्यूटिव लाउंज, साइनेज, अप्रोच रोड का चौड़ीकरण, पैदल रास्ते, वाहन प्रवेश-निकास, भूनिर्माण, दूसरा प्रवेश द्वार, हरे पैच और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के कार्य भी किए जाएंगे। प्लेटफार्मों और शेड की लंबाई बढ़ाई जाएगी।
नया फुटओवर ब्रिज बनेगा
पुराने फुटओवर ब्रिज की जगह नया पुल बनाया जा रहा है। इससे प्लेटफार्मों के बीच यात्रियों की आवाजाही सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। स्टेशन परिसर के सुंदरीकरण समेत अन्य आवश्यक कार्य भी परियोजना में शामिल हैं। वर्षों से स्टेशन के विस्तार और सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग कर रहे लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-रोहतक की ओर रोजाना हजारों यात्री
बहादुरगढ़ से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी और अन्य यात्री दिल्ली व रोहतक की ओर सफर करते हैं। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। वर्धमान कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार तरुण ने बताया कि बचा हुआ कार्य निर्धारित योजना के अनुसार चल रहा है और दिवाली तक निर्माण पूरा कर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास है।