रोहतक। सुभाष नगर पार्क में चल रहे अटल सेवा केंद्र के संचालन विवाद में नया मोड़ आ गया है। संचालक का आरोप है कि एसएन जन वेलफेयर कमेटी के प्रधान जतिन बतरा ने धमकी दी है कि अपना सामान उठाकर चला जाए। एससी समाज से होने के कारण उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। सिविल लाइन थाने में बतरा के खिलाफ धमकी देने व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। डीएसपी मामले की जांच करेंगे।
पुलिस को दी शिकायत में कलानौर के निगाना रोड निवासी ललित ने कहा कि वह नगर नगर के पार्क में वैध तरीके से अटल सेवा केंद्र चलाते हैं। तीन महीने पहले जतिन बतरा केंद्र पर आया और एससी-एसटी समुदाय से होने के कारण धमकाते हुए कहा कि अपना तामझाम उठाकर भाग जाओ।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जतिन ने कहा कि तुमने मुझे पुराने केस में फंसाया था। ललित ने कहा कि उसका कोई रिश्तेदार पुलिस में नहीं है आपको गलतफहमी है। इतना ही नहीं आरोपी के खिलाफ पुराना केस अभी चल रहा है, जिसकी अदालत में छह अक्तूबर को सुनवाई है। आरोपी जानबूझकर उसे परेशान कर रहा है। इसके लिए अधिकारियों को शिकायत देता रहता है।
बाक्स
विधानसभा की याचिका कमेटी ने मांग रखी है, निगम आयुक्त से 15 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट
दूसरी तरफ एसएन जन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जतिन बतरा ने विधानसभा की याचिका कमेटी में याचिका दायर की थी। सुभाष नगर स्थित नेताजी सुभाष पार्क में सीएससी (कॉमन सेवा सेंटर) संचालन के लिए निगम प्रशासन पर सवाल उठाए थे। निगम की तरफ से 9 सितंबर को कमेटी को सौंपी रिपोर्ट में कहा था कि पार्क में एक कमरा व सार्वजनिक शौचालय निर्मित है। निगम की तरफ से इसका निर्माण नहीं कराया गया। कॉलोनी के लोगों के कहने पर निजी ग्रुप ने 10 लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया। जब कॉमन सर्विस सेंटर संचालक ललित कुमार से निगम की जांच कमेटी से पूछा तो उसने बताया कि उसके पास एनआईसी की ओर से जारी सीएससी प्रमाण पत्र है। उसकी ओर से सरकार की ऑनलाइन पोर्टल की निर्धारित दरों पर कार्य किया जा रहा है।
वर्जन
सिविल लाइन थाना पुलिस ने जतिन बतरा के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी करेंगे। -अंकिता, प्रभारी, सिविल लाइन थाना।
...
विधानसभा की याचिका कमेटी को जल्द अटल सेवा केंद्र को लेकर रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इसके लिए जांच पड़ताल जारी है। -डॉ. आनंद शर्मा, आयुक्त नगर निगम।