रोहतक। नगर निगम सदन की पहली बैठक 9 अप्रैल को सुबह जिला विकास भवन स्थित सभागार में होगी। नगर निगम आयुक्त की तरफ से सबसे पहले वित्त वर्ष 2025-26 के बजट को रखा जाएगा। विचार-विमर्श करके सदन बजट को पास करेगा। इसके बाद मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद पार्षद वार्ड वाइज अपना एजेंडा सदन में रखेंगे। कम समय होने के कारण पार्षदों से निगम प्रशासन की तरफ से अभी एजेंडा नहीं मांगा गया है।
बुधवार को मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने पार्षदों के साथ कैनाल रेस्ट हाउस में बैठक की थी। इसमें तय हुआ था कि निगम आयुक्त को सात, आठ या नौ अप्रैल में से किसी एक दिन बैठक करने के लिए कहा जाए। आयुक्त ने बैठक की तिथि तय करने की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्त नमिता को दी। संयुक्त आयुक्त ने वीरवार को मेयर को पत्र भेजकर बताया कि निगम प्रशासन किसी भी दिन बैठक के लिए तैयार है। शुक्रवार को मेयर ने नौ अप्रैल को बैठक कराने का निर्णय लिया है।
वर्जन
नगर निगम के नवनिर्वाचित सदन की नौ अप्रैल को पहली बैठक होगी। बैठक में नए वित्त वर्ष का बजट पास किया जाएगा। साथ ही, पार्षदों के एजेंडा पर चर्चा होगी। हर माह सदन की बैठक होगी। जरूरत पड़ने पर दो बार भी माह में बैठक बुलाएंगे। शहर में बदलाव सुनिश्चित होगा।
- रामअवतार वाल्मीकि, मेयर नगर निगम