रोहतक। जिला अदालत परिसर के बाहर से एक युवती को उसके परिजन जबरन अपने साथ ले गए। सोनीपत की यह युवती चिड़ी निवासी मोहित से शादी करके अदालत से बाहर आई थी। युवक की शिकायत पर पुलिस मौके पर भी पहुंची, मगर तब तक युवती के परिजन उसे लेकर जा चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चिड़ी गांव का मोहित शुक्रवार को अदालत आया था। यहां उसने सोनीपत की एक लड़की से शादी की। इसके बाद दोनों अदालत से बाहर आए। यहां पहले से मौजूद युवती के परिजन अपनी बेटी को साथ ले गए। युवक ने अपनी पत्नी को जबरन उठाकर ले जाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस के 112 नंबर पर शिकायत दी थी। फोन करने के करीब 20 मिनट बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक युवती के परिजन अपनी बेटी को लेकर जा चुके थे। पुलिस का दावा है कि युवती को उसके परिजनों से मुक्त करा लिया गया है। नवविवाहित जोड़े को सेफ हाउस में भेज दिया गया है।
एएसपी कृष्ण लोहचब ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए लड़की को उसके परिजनों से मुक्त करा लिया है। नवविवाहित जोड़े को सेफ हाउस में भेज दिया गया है।