जींद। जिला परिवेदना समिति में आई शिकायतों को निपटाने के लिए विभागीय अधिकारी गंभीर नहीं है। इसका उदाहरण बुधवार को हुई जिला परिवेदना समिति की बैठक में दिखा। इसमें एक्साइज विभाग ने एक शिकायत को निपटाए बिना ही समझौता दिखा दिया।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा नगूरां व अमरगढ़ गांव में अवैध शराब बिक्री पर सख्ती से पेश आए। डीसी ने बैठक के दौरान कॉल कर शिकायतकर्ता को पूछा तो उन्होंने बताया कि विभाग के अधिकारी दिन में आए थे। शराब शाम को बिकती है। उस समय कोई दौरा नहीं किया जाता जबकि एक्साइज विभाग डीईटीसी ने बताया कि वहां पर कोई ऐसा खुर्दा नहीं मिला जिसमें शराब बिक रही हो।
इस पर डीसी ने एक्साइज विभाग के अधिकारियों को चेताया कि परिवेदना समिति का उद्देश्य है कि लोगों की शिकायत निपटाना है। शिकायतकर्ता ने कहा कि साहब आकर देखोगे तो इन स्थानों पर आज भी सरेआम शराब बिकती है। इस पर डीसी ने अगली बैठक तक इस शिकायत को लंबित में रखकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा, एक शिकायत में सीआरएसयू की छात्रा रिचा भंडारी ने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणामों में कुछ अधिकारी व कर्मचारी धांधली कर रहे हैं। जिन विद्यार्थियों ने कभी कक्षा भी नहीं लगाई और असाइनमेंट भी जमा नहीं करवाई। उनके अंक अधिक लगाए जा रहे हैं जबकि वह निरंतर कक्षाएं लगा रही है। उनके अंक कम लगाए गए हैं। इस मामले की जांच के लिए डीसी ने एडीसी व ग्रीवेंस कमेटी के दो सदस्यों को शामिल करके जांच के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य, एसडीएम जींद सत्यवान मान, एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र, एसडीएम सफीदों पुलकित मल्होत्रा, एसडीएम उचाना दलजीत सिंह, एसडीएम जुलाना होशियार सिंह, डीएमसी सुरेन्द्र दुहन समेत सभी प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
आठ शिकायतों का मौके पर समाधान
वहीं, बैठक में 15 शिकायत सुनीं गई। इनमें से आठ का समाधान मौके पर ही करवाय दिया गया। शेष सात मामलों पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक तक जांच पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में शामिल नहीं होने वाले विभागीय अधिकारियों पर डीसी ने सख्ती दिखाई और कार्रवाई के निर्देश दिए।
कन्यादान की राशि न मिलने की आई शिकायत
विजय कुमार निवासी शास्त्री नगर नजदीक पुरानी काठमंडी ने लेबर विभाग से कन्यादान न मिलने की शिकायत रखी। इस पर एडीसी व गैर- सरकारी सदस्यों की कमेटी गठित की गई थी। कमेटी ने डीसी को बताया कि ये व्यक्ति विभाग से कन्यादान के पात्र थे। उस समय पोर्टल नहीं चल रहा था। इसके कारण वह आवेदन नहीं कर सके। डीसी ने एडीसी को कहा कि वह इसका केस बनाकर सरकार के पास भेजे ताकि शिकायतकर्ता को इस योजना का लाभ दिया जा सके।
भूमि का हक न मिलने की समस्या लेकर पहुंचा व्यक्ति
बनिया खेड़ा निवासी गुरुचरण सिंह ने अपनी भूमि की निशानदेही एवं हक दिलाने की शिकायत रखी। डीसी ने बताया कि राजस्व विभाग की जांच में पाया गया कि उक्त भूमि अनधिकृत कॉलोनी क्षेत्र में आती है। जहां अवैध रूप से प्लॉट काटे गए हैं। इसमें पुलिस विभाग को इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
महिला सरपंच ने रखी पेयजल की समस्या
श्रीराग खेड़ा की महिला सरपंच रीना ने बताया कि गांव का पेयजल का ट्यूबवेल जो ठीक प्रकार से कार्य नहीं कर रहा। इससे पानी आपूर्ति बाधित है। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि समस्या के स्थाई समाधान तक गांव में टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
किसानों ने की नाली निर्माण संबंधी शिकायत
सुभाष चंद्र व अन्य किसानों ने नाली निर्माण संबंधी शिकायत प्रस्तुत की। इस पर डीसी ने एसडीएम सफीदों को निर्देश दिए कि एक्सईएन काडा, एक्सईएन सिंचाई विभाग व समिति के गैर-सरकारी सदस्यों के साथ मिलकर प्रकरण से संबंधित सभी कागजातों का अवलोकन करें और अगली बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।