दूध, फलों के रस और किण्वित दूध आदि उत्पादों की पैकिंग के लिए जिले में पहला टेट्रा पैक संयंत्र लगाया जाएगा। इस पर 125 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह प्रदेश का पहला ऐसा प्लांट होगा, जिसमें लिक्विड उत्पादों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। यह बात बुधवार को प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कही। वह बुधवार को स्थानीय वीटा प्लांट में 5.5 करोड़ रुपये से स्थापित किये जाने वाले बटर डीप फ्रीजर की आधारशिला रखने पहुंचे थे।
सहकारिता मंत्री ने कार्यक्रम में डेयरी प्रसंघों के सहकारों को बताया कि वीटा प्लांट में 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सफेद मक्खन के भंडारण के लिए बटर डीप फ्रीजर में बटर ज्यादा समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। प्लांट से जुड़े सहकारों को भी लाभ होगा। पशुपालक डेयरी के साथ जुड़कर अपनी आजीविका बढ़ाएं। एक हजार मीट्रिक टन क्षमता के बटर डीप फ्रीजर में बटर को वर्षों तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। इससे पूर्व बटर को दूसरी जगहों पर रखा जाता था। किसान डेयरी के साथ जुड़कर अपनी आजीविका बढ़ा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए कई कदम उठाये जा रहे हैं। पशुपालक सहकारिता के साथ जुड़कर देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना योगदान दें। सरकार द्वारा डेयरी विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से पशुपालकों को बिना गारंटी के एक लाख 60 हजार रुपये का ऋण तथा गारंटी पर 3 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाता है।
हरियाणा डेयरी विकास सहकारिता फेडरेशन लिमिटेड के चेयरमैन रणधीर सिंह ने कहा कि वीटा प्लांट में बटर डीप फ्रीजर लगाने की पुरानी मांग को पूरा करते हुए डीप फ्रीजर की आधारशिला रखी गई है। बटर डीप फ्रीजर की मशीनें भी प्लांट में पहुंच चुकी हैं, जल्दी ही इस फ्रीजर को स्थापित किया जाएगा। हरियाणा डेयरी विकास सहकारिता फेडरेशन लिमिटेड का मुनाफा 25 करोड़ रुपये से बढ़कर 35 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सहकारों की समस्याओं का यथाशीघ्र निपटारा किया जाएगा। इस अवसर पर हरियाणा डेयरी विकास सहकारिता निगम के चेयरमैन रणधीर सिंह तथा प्रबंध निदेशक ए श्रीनिवास, भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय बंसल के अलावा हरीश कौशिक, वीटा प्लांट के प्रबंध निदेशक चरण सिंह, एसएस कोहली, राजबीर सिंह, शर्मिला देवी, सूरजमल किलोई, पूर्व विधायक सरिता नारायण, डॉ. दिनेश घिलौड़, सीनियर डिप्टी मेयर राजकमल सहगल, नवीन ढुल, अमित सैनी, वीर सिंह हुड्डा, पार्षद सुरेश किराड़, दिनेश शास्त्री, आशा शर्मा, अशोक खुंडिया, हवा सिंह दहिया, जसवंत बलियाना, कप्तान जसिया, राजेंद्र रावत, सतीश ठेकेदार, मुकेश शर्मा सहित वीटा प्लांट के अधिकारी व कर्मचारी एवं हरियाणा दुग्ध प्रसंघ के सहकार उपस्थित रहे।
सहकारिता मंत्री ने किया प्लांट का निरीक्षण
सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने हरियाणा डेयरी विकास सहकारिता निगम के चेयरमैन रणधीर सिंह तथा प्रबंध निदेशक ए श्रीनिवास के साथ प्लांट का निरीक्षण किया तथा दूध से बनने वाले उत्पादों की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने प्लांट की पैकेजिंग व्यवस्था, कैरेट वॉशिंग, बोटल में दूध की पैकिंग, घी पैकिंग का भी अवलोकन किया।
प्लांट 4.5 लाख लीटर दूध का प्रति दिन कर रहा उत्पादन
वीटा प्लांट के प्रबंध निदेशक चरण सिंह ने बताया कि उनके यहां वर्तमान में उत्पादन क्षमता 4.5 लाख लीटर प्रतिदिन है। वह एफसीएम, टोंड, डबल टोंड की आपूर्ति दुग्ध संयंत्र के कार्य क्षेत्र में आने वाले सभी नगरों में कर रहे हैं। दूध के अतिरिक्त यह संयंत्र घी, मक्खन, दही, नमकीन लस्सी, छाछ, पनीर व बर्फी इत्यादि का निर्माण कर ग्राहकों को आपूर्ति कर रहा है। यह संयंत्र भारतीय सेना को वीटा घी व दूध की आपूर्ति भी कर रहा है। मिड-डे मील, आंगनबाड़ी योजना व खेल योजनाओं के तहत बच्चों व खिलाड़ियों की दूध की मांग को पूरा करने के लिए प्रसंघ द्वारा सुगंधित मीठे दूध पाउडर की आपूर्ति भी की जा रही है। प्लांट में 4 करोड़ रुपये की लागत से एक नया एसएफएसएमपी संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।
विदेशों में भी निर्यात किया जा रहा है तरल दूध
प्लांट द्वारा हिंदुस्तान यूनीलिवर लिमिटेड सोनीपत के माध्यम से इंडोनेशिया, मलेशिया आदि देशों में तरल दूध का निर्यात किया जा रहा है। दूध व दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता के लिए इस संयंत्र को राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड आनंद द्वारा गुणवत्ता चिह्न भी प्रदान किया गया है। दुग्ध उत्पादकों से प्राप्त दूध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए समितियों में 106 से अधिक बल्क दूध यूनिटें स्थापित की गई हैं। दुग्ध संघ रोहतक अपने दुग्ध उत्पादकों के लिए दुर्घटना बीमा, कन्यादान राशि, छात्रवृत्ति योजना आदि भी क्रियान्वित कर रहा है। दुग्ध उत्पादकों को मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है। वर्ष 2020-21 के दौरान योजना के तहत 7.76 करोड़ तथा 2021-22 में 6.23 करोड़ रुपये की राशि प्रोत्साहन के रूप में दी गई है।
वीटा प्लांट में बटर डीप फ्रीजर की आधारशिला का उद्घाटन करते सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल। अमर उज- फोटो : RohtakCity